Chhattisgarh Crimes News : एटीएम लूट की बड़ी कोशिश नाकाम, पुलिस को देख पत्थरबाजी कर फरार हुए लुटेरे, पढ़े पूरी खबर
Chhattisgarh Crimes News : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एटीएम लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जिसे पुलिस की तत्परता से नाकाम कर दिया गया। लुटेरे एटीएम मशीन में रस्सी बांधकर पिकअप वाहन से खींचते हुए उसे उखाड़ चुके थे और फरार होने ही वाले थे, तभी मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने पत्थरबाजी की और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। (Chhattisgarh Crimes News)
यह भी पढ़े :- CRPF अफसर बनकर साइबर ठगों ने रायपुर के डॉक्टर से ठगे 4 लाख रुपये
पढ़े पूरी घटना
घटना कुनकुरी थाना क्षेत्र की है। नेशनल हाईवे पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम को शनिवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच लूटने की कोशिश की गई। आरोपियों ने पहले एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों को खराब किया, इसके बाद एटीएम मशीन में रस्सी बांधकर पिकअप वाहन से खींचते हुए उसे उखाड़ दिया।
इसी दौरान लूट की सूचना कुनकुरी पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस को आता देख आरोपी एटीएम मशीन को मौके पर ही छोड़कर पिकअप वाहन से भागने लगे।
पुलिस ने जब उनका पीछा किया, तो पिकअप सवार लुटेरों ने पुलिस वाहन पर पत्थर फेंककर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी तपकरा की ओर भागते हुए पिकअप वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन (क्रमांक JH 07 E 9167) को जब्त कर लिया है। इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी एटीएम लूट की वारदात टल गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। जशपुर पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल जांच और सर्च ऑपरेशन जारी है। (Chhattisgarh Crimes News)



