CRPF अफसर बनकर साइबर ठगों ने रायपुर के डॉक्टर से ठगे 4 लाख रुपये

Raipur Crime News : राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने खुद को CRPF का अधिकारी बताकर एक होम्योपैथिक डॉक्टर से करीब चार लाख रुपये की ठगी कर ली। जवानों की मेडिकल जांच और इलाज कराने का झांसा देकर ठगों ने डॉक्टर के बैंक खातों की जानकारी हासिल की और दो अलग-अलग खातों से रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी।
यह भी पढ़े :- Digital Arrest : 81 वर्षीय बुजुर्ग डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड का शिकार, ठगों ने 7 करोड़ से अधिक की रकम हड़पी, पढ़े पूरी खबर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक न्यू पुरैना स्थित मारुति रेसिडेंसी निवासी डॉ. शिवकुमार सिंह, जो कालीबाड़ी क्षेत्र में होम्योपैथिक क्लिनिक संचालित करते हैं, को 29 नवंबर को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को CRPF अधिकारी बताते हुए कहा कि कैंप के 35 जवानों का इलाज और मेडिकल जांच करानी है।
सरकारी भुगतान का भरोसा दिलाकर ठग ने कहा कि बिल भुगतान के लिए बैंक खाता वैरिफिकेशन जरूरी है। इसके बाद डॉक्टर से खाते से जुड़ी जानकारी मांगी गई। डॉ. सिंह ने अपने एक सहयोगी का मोबाइल नंबर दिया, जिसे कथित अधिकारी ने दूसरे नंबर से वीडियो कॉल किया और उससे भी बैंक खाते से जुड़ी जानकारियां हासिल कर लीं। इसी दौरान पासवर्ड और अन्य गोपनीय विवरण भी प्राप्त कर लिए गए।
इसके बाद डॉ. सिंह के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के खातों से कुल 3 लाख 98 हजार 984 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए गए।
ठगी का अहसास होते ही डॉक्टर ने करीब पांच घंटे के भीतर अपने बैंक खाते ब्लॉक कराए और केंद्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ खातों को सीज किया, लेकिन तब तक अधिकांश रकम निकाली जा चुकी थी। सीज किए गए खाते में केवल करीब तीन हजार रुपये ही होल्ड हो पाए। (Raipur Crime News)
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। साइबर ठगों तक पहुंचने के लिए बैंक ट्रांजेक्शन और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को बैंक पासवर्ड, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें, चाहे वह खुद को अधिकारी या सरकारी कर्मचारी ही क्यों न बताए। (Raipur Crime News)



