Google Analytics —— Meta Pixel

Digital Arrest : 81 वर्षीय बुजुर्ग डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड का शिकार, ठगों ने 7 करोड़ से अधिक की रकम हड़पी, पढ़े पूरी खबर

हैदराबाद। देश में डिजिटल अरेस्ट (Digital Arrest ) फ्रॉड के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला हैदराबाद से सामने आया है, जहां एक 81 वर्षीय बुजुर्ग इस साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 7.12 करोड़ रुपये की ठगी कर ली।

यह भी पढ़े :- “मसूद अजहर को पाकिस्तान से उठाकर लाओ” – ओवैसी का मोदी सरकार पर हमला

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, ठगों ने खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताकर बुजुर्ग को कॉल किया और उन्हें ड्रग तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक बड़े रैकेट में शामिल होने का आरोप लगाया। जांच और सत्यापन के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूली गई।

तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो (TGCSB) के मुताबिक, इस डिजिटल अरेस्ट (Digital Arrest )स्कैम में बुजुर्ग ने करीब दो महीनों में 7.12 करोड़ रुपये गंवा दिए।

कैसे दिया गया फ्रॉड को अंजाम?

पुलिस ने बताया कि 27 अक्टूबर को पीड़ित को एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को एक कूरियर कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने कहा कि पीड़ित के नाम से मुंबई से थाईलैंड भेजा गया एक पार्सल पकड़ा गया है, जिसमें MDMA नशीली दवा, पासपोर्ट और कई डेबिट-क्रेडिट कार्ड मिले हैं। इसके बाद कथित तौर पर मामला मुंबई पुलिस को सौंपे जाने की बात कही गई।

इसके बाद एक अन्य कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को मुंबई पुलिस अधिकारी बताते हुए बुजुर्ग को बताया कि वह एक बड़े ड्रग ट्रैफिकिंग और मनी लॉन्ड्रिंग रैकेट में शामिल हैं। उन्हें गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की धमकी दी गई।

पैसे वापस करने का झांसा

ठगों ने बुजुर्ग से कहा कि यदि जांच में वे निर्दोष साबित होते हैं तो पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। साथ ही उन्हें इस मामले की जानकारी किसी को भी न देने की सख्त हिदायत दी गई।

डर और दबाव में आकर बुजुर्ग ने करीब दो महीनों में 7.12 करोड़ रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगों ने उनसे 1.2 करोड़ रुपये और मांग लिए।

तब जाकर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने 30 दिसंबर को तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठगों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। (Digital Arrest )

Back to top button
error: Content is protected !!