Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर क्राइम रिपोर्ट 2025: अपराध 10% कम, हत्या और चाकूबाजी चिंता का विषय

Raipur Crime Report 2025: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ पुलिस ने साल 2025 में सख्त अभियान चलाकर ड्रग्स के बड़े नेटवर्क को लगभग खत्म कर दिया। हालांकि चाकूबाजी और मामूली विवादों से जुड़ी हिंसक घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया। यही वजह है कि बीते साल की तुलना में इस साल हत्या और हत्या की कोशिश के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साल 2025 में रायपुर जिले में हत्या की 90 और हत्या की कोशिश की 97 घटनाएं दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक ये घटनाएं किसी गैंगवार या पुरानी रंजिश की वजह से नहीं, बल्कि मोबाइल चलाने, साथ चलने से मना करने, ठंडा-भजिया लाने जैसे बहुत मामूली विवादों से जुड़ी थी। हालांकि लूट, चोरी और नकबजनी जैसे कई अन्य अपराधों में कमी आई है, जिससे कुल अपराध आंकड़ों में गिरावट दर्ज की गई है।

यह भी पढ़ें:- नशे में पिता बना हैवान, बेटे की गोली मारकर हत्या, बाद में आरोपी ने कर ली खुदकुशी

पिछले चार साल के आंकड़े

साल हत्या हत्या की कोशिश
2022 75 89
2023 65 90
2024 79 96
2025 90 97

रविवार को एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने रायपुर जिले का सालाना अपराध रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने बताया कि 2024 में 17 हजार 703 अपराध दर्ज किए गए थे। जबकि 2025 में 15 हजार 896 अपराध दर्ज हुए। इस तरह पिछले साल की तुलना में करीब 10 प्रतिशत अपराधों में कमी आई है। रायपुर में 2025 के दौरान 280 रेप के मामले दर्ज किए गए, जबकि 92 लोगों की हत्या हुई। तीन साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो गंभीर अपराधों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। शहर में इस साल 543 चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई। सबसे ज्यादा 1013 FIR खमतराई थाना क्षेत्र में दर्ज की गई। (Raipur Crime Report 2025)

3 साल के क्राइम के आंकड़े

क्राइम साल 2025 साल 2024 साल 2023
हत्या 92 78 63
हत्या का प्रयास 97 98 92
रेप 280 247 223
डकैती 7 3 5
लूट 71 73 87
नकबजनी 477 526 505
चोरी 1443 1497 1588
बलवा 82 87 125
धोखाधड़ी 294 250 339
कुल 15, 896 17, 703 16, 125

नशे के कारोबार पर पुलिस ने सबसे सख्त कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के मुताबिक 271 मामलों में 445 ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार किए गए। इनमें 287 गांजा तस्कर और 116 ड्रग्स तस्कर शामिल हैं। तस्कर रायपुर के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान से भी थे। इन आरोपियों के पास से 2.81 करोड़ रुपए का ड्रग्स जब्त किया गया, जिसमें हेरोइन, अफीम, एमडीएमए, चरस और ब्राउन शुगर शामिल है। इसके अलावा नशीली टेबलेट बेचने वाले 29 और सिरप बेचने वाले 19 आरोपी भी गिरफ्तार किए गए।

ऑनलाइन ठगी के 10 हजार से ज्यादा मामले

साल 2025 में ऑनलाइन ठगी की 10 हजार से ज्यादा शिकायत दर्ज हुई। इन मामलों में 30 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी सामने आई। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8680 मामलों में 11.25 करोड़ रुपए होल्ड कराए हैं। 2025 में सड़क हादसों की संख्या में कमी आई, लेकिन मौतों का आंकड़ा बढ़ गया। 2024 में 2079 सड़क हादसों में 594 लोगों की जान गई थी और 1495 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। 2025 में 2047 हादसों में 1374 लोग घायल हुए और 615 लोगों की मौत हुई। इस तरह सड़क हादसों में मौतें 3.4 प्रतिशत बढ़ी है। एसएसपी लाल उमेद सिंह ने कहा कि मामूली विवादों से उपजने वाली हत्याएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि 2026 में ऐसे असामान्य और तात्कालिक विवादों से जुड़े अपराधों पर विशेष रणनीति के तहत काम किया जाएगा। महिला सुरक्षा और साइबर अपराध रोकथाम भी हमारी प्राथमिकता रहेगी। (Raipur Crime Report 2025)

अपराध कम होने पर सियासत तेज

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा कि 2023 में 9892 FIR दर्ज हुई थी, जबकि 2025 में 15,885 FIR दर्ज हुई हैं। यानी 5,993 FIR ज्यादा। ऐसे में अपराध कम होने का दावा हास्यास्पद है। इस पर भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के मित्रों की गणित कमजोर है। 2023 में 16,125 FIR और 2025 में 15,896 FIR दर्ज हुई। 2023, 2024 और 2025 की तुलना करें तो 2025 में सबसे कम अपराध दर्ज हुए हैं। कुल अपराध के आंकड़े भले ही घटे हों, लेकिन मामूली विवादों में बढ़ती हत्याएं रायपुर पुलिस के लिए 2026 की सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आई हैं। पुलिस की सख्ती के बावजूद रोजमर्रा के छोटे विवादों में हिंसा का बढ़ना यह संकेत देता है कि कानून के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता भी अब जरूरी हो गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!