बस्तर जाने वाले रहें सावधान, वन विभाग ने बाघ को लेकर जारी किया हाई अलर्ट

Tiger Warning in Bastar: बस्तर जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय ग्रामीणों के लिए चेतावनी जारी की गई है। जगदलपुर और माचकोट रेंज में बाघ की मौजूदगी सामने आने के बाद वन विभाग ने सभी क्षेत्रों को हाई अलर्ट जोन घोषित किया है। विभाग ने लोगों से जंगलों में अनावश्यक आवाजाही से बचने, सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की अपील की है।
यह भी पढ़ें:- मंत्रियों के ओएसडी और पीए-पीएस हटाने का सिलसिला जारी, छत्तीसगढ़ में गरमाई सियासत
दरअसल, जगदलपुर और माचकोट रेंज में लंबे अरसे के बाद बाघ की मौजूदगी की जानकारी मिली है। टाइगर की यह उपस्थिति ग्रामीण इलाकों में चर्चा का विषय बनी हुई है और स्थानीय लोग डरे हुए हैं। वन विभाग के मुताबिक टाइगर मूवमेंट की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद सभी क्षेत्रों को अलर्ट जोन घोषित कर दिया गया है। वन अमला लगातार निरीक्षण और पेट्रोलिंग कर रहा है। विभाग ने विशेष निर्देश जारी किए हैं और ग्रामीणों-पर्यटकों से अपील की है। (Tiger Warning in Bastar)

कोंडागांव के जंगलों से किया प्रवेश
बस्तर सीसीएफ आलोक तिवारी ने बताया कि बाघ ने सीतानदी उदंती टाइगर रिजर्व इलाके से कोंडागांव के जंगलों के रास्ते बस्तर जिले में प्रवेश किया है। वन विभाग इसे लगातार ट्रेस कर रहा है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि बाघ से डरें नहीं, उसे उसके रास्ते में जाने दें और किसी भी जानकारी को तुरंत विभाग तक पहुंचाएं। जानकारी के अनुसार यह बाघ कांगेर राष्ट्रीय उद्यान की ओर बढ़ रहा है। वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल 35 बाघ हैं और बस्तर में देखा गया यह बाघ उन्हीं में से एक है।
घबराने की आवश्यकता नहीं: सीसीएफ
बता दें कि कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में बीते करीब तीन दशकों से बाघ की सक्रिय उपस्थिति दर्ज नहीं हुई थी। ऐसे में यह पहला मौका है, जब इस इलाके में बाघ की वापसी के ठोस संकेत सामने आए हैं। वन विभाग ने शिकारियों से बाघ को बचाने के लिए इसकी पिन-पॉइंट लोकेशन सार्वजनिक नहीं की है। सीसीएफ आलोक तिवारी ने कहा कि ग्रामीणों और पर्यटकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, बस सतर्कता बरतें और वन विभाग के निर्देशों का पालन करें। (Tiger Warning in Bastar)



