Google Analytics —— Meta Pixel

CG NEWS : मौत से मुठभेड़: रेलवे ट्रैक पर गिरे युवक, इमरजेंसी ब्रेक ने बचाई जान

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुसुमकसा के पास स्थित जम्ही रेलवे अंडरब्रिज में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर गई। बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़े :- बस्तर जाने वाले रहें सावधान, वन विभाग ने बाघ को लेकर जारी किया हाई अलर्ट

हादसे में एक युवक सीधे रेल पटरी पर गिरा, जबकि दूसरा युवक पास की नाली में पानी के बीच जा गिरा। दोनों युवकों के पैर टूटने की पुष्टि हुई है।

इसी दौरान ट्रैक पर आ रही मालगाड़ी के लोको पायलट ने नीचे गिरे युवकों को देख लिया और तुरंत सतर्कता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। लोको पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

ट्रेन रुकने के बाद लोको पायलट मौके पर पहुंचे, जहां दोनों घायल युवक दर्द से कराहते हुए मदद की गुहार लगाते मिले। युवक बार-बार बाहर निकालने और परिजनों को सूचना देने की बात कह रहे थे।

लोको पायलट ने तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। रेलवे कर्मचारियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को नीचे से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शी लोको पायलट योगेश देशमुख ने बताया कि कुसुमकसा स्टेशन से आगे बढ़ते समय उन्हें पहले लगा कि ट्रैक पर कोई जानवर बैठा है। ट्रेन नजदीक आने पर ऐसा प्रतीत हुआ जैसे कोई व्यक्ति आत्महत्या के इरादे से खड़ा हो। इसी आशंका में उन्होंने तुरंत ट्रेन रोक दी। नीचे उतरने पर पटरी के पास एक बाइक गिरी दिखी और थोड़ी दूरी पर एक युवक घायल अवस्था में पड़ा था। वहीं दूसरी ओर नाली में गिरे युवक की मदद की आवाज सुनाई दी।

यह घटना 31 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, भिलाई पावर हाउस निवासी चार युवक दो अलग-अलग बाइक से दल्लीराजहरा पिकनिक मनाने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया।

फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बालोद जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस ने थाने में सुरक्षित रख लिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Back to top button
error: Content is protected !!