Google Analytics —— Meta Pixel

CG Dhan Kharidi : किसानों के नाम पर लूट! जशपुर में करोड़ों का धान घोटाला, 6 अधिकारियों पर FIR

CG Dhan Kharidi : जिले के धान खरीदी केंद्र कोनपारा में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान 6 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की बड़ी अनियमितता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़े :- राजस्व सुधार में डिजिटल क्रांति: मंत्री टंक राम वर्मा ने गिनाईं 2 साल की उपलब्धियां

इस मामले में धान खरीदी (CG Dhan Kharidi ) केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी समेत कुल 6 अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धान खरीदी उपकेंद्र के फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव (39 वर्ष), निवासी ग्राम झारमुंडा, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जांच में कैसे खुला घोटाला

अपेक्स बैंक के नोडल अधिकारी राम कुमार यादव (61 वर्ष) की रिपोर्ट के अनुसार, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में कुल 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी दर्शाई गई, जबकि मिलों एवं संग्रहण केंद्रों को केवल 1,40,663.12 क्विंटल धान ही भेजा गया।

इस प्रकार 20,586.88 क्विंटल धान की भारी कमी पाई गई। संयुक्त जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में मौके पर धान उपलब्ध नहीं पाया गया, जिससे रिकॉर्ड में दर्शाई गई गड़बड़ी की पुष्टि हुई।

6.55 करोड़ का आर्थिक नुकसान

जांच में प्रति क्विंटल 3100 रुपये की दर से गबन किए गए धान की कीमत 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रुपये आंकी गई। इसके अलावा धान पैकिंग में उपयोग किए गए 4,898 नग बारदाने (नए व पुराने) की कीमत 17 लाख 07 हजार 651 रुपये बताई गई।
इस तरह शासन को कुल 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये की आर्थिक क्षति होना सामने आया है। (CG Dhan Kharidi )

इन अधिकारियों पर दर्ज हुआ अपराध

पुलिस ने इस मामले में—

  • भुनेश्वर यादव (प्राधिकृत अधिकारी)
  • जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक)
  • शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी)
  • जितेंद्र साय (कंप्यूटर ऑपरेटर)
  • अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी)
  • चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी)

के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 320, 336, 338 एवं 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घोटाले के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!