सरगुजा में पति ने तीन बार तलाक बोलकर पत्नी को घर से निकाला, दूसरी महिला से अफेयर का आरोप

Triple Talaq in Surguja: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में तीन तलाक का मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने विवाद के बाद अपनी पत्नी को तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पति पर दूसरी महिला से अवैध संबंध रखने, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के मोमिनपुरा क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक आरोपी शेख आमिन हुसैन खुद को राष्ट्रीय मानवाधिकार परिषद संगठन का अध्यक्ष बताता है।
यह भी पढ़ें:- पत्नी-बेटी की हत्या के बाद मजदूर ने की आत्महत्या, मकान मालकिन को 5 साल की सजा
पीड़िता शमा परवीन ने आरोप लगाया है कि उसके पति का दूसरी महिला से अफेयर है और वह महिला को अक्सर घर बुलाता था। पीड़िता का कहना है कि पति और वह महिला घंटों तक बंद कमरे में साथ रहते थे, जिसका विरोध करने पर पति गाली-गलौज और मारपीट करता था। पीड़िता के मुताबिक 16 दिसंबर 2025 को पति ने विवाद के दौरान तीन बार तलाक बोल दिया और उसके साथ मारपीट करते हुए उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद जब उसने समझौते और साथ रखने की कोशिश की तो पति ने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि वह पहले ही तीन तलाक दे चुका है।
5 जनवरी को दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना से आहत होकर पीड़िता 5 जनवरी को कोतवाली थाना पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 296, 351(3) और मुस्लिम विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम 2019 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है। कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। (Triple Talaq in Surguja)

बता दें कि मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर भारत सरकार ने 2019 में तीन तलाक के खिलाफ कड़ा कानून बनाया है, जिसके तहत अगर कोई भी मुस्लिम पति अपनी पत्नी को एक बार में तीन बार ‘तलाक’ कहकर रिश्ता तोड़ने की कोशिश करता है तो यह गैरकानूनी और दंडनीय अपराध माना जाएगा। संसद ने यह कानून जुलाई 2019 में पारित किया था, जो 1 अगस्त 2019 से लागू है। तीन तलाक को अपराध की श्रेणी में रखा गया है। यह गैर-जमानती अपराध है। इसकी शिकायत पीड़ित पत्नी या उसके रक्त संबंधी ही दर्ज करवा सकते हैं। बिना पत्नी की सहमति के सुलह नहीं हो सकती है।
पति को मिल सकती है सजा
तीन तलाक के मामले में आरोपी पति को अधिकतम तीन साल की सजा हो सकती है। इसके साथ ही जुर्माना भी लगाया जा सकता है। मजिस्ट्रेट को यह अधिकार है कि वे पत्नी और बच्चों के लिए गुजारा भत्ता और बच्चों की कस्टडी तय करें। इसके लिए कानून लाने सरकार ने तर्क दिया था कि तीन तलाक जैसी प्रथा से मुस्लिम महिलाओं का जीवन अस्थिर हो जाता है और उन्हें अचानक घर से निकाल देना या छोड़ देना गंभीर सामाजिक और आर्थिक समस्याओं को जन्म देता है। इस कानून का मकसद महिलाओं को न्याय, बराबरी और सम्मान देना है। (Triple Talaq in Surguja)



