चार साल पहले हुई लव मैरिज से नाराज था परिवार, भाइयों ने उजाड़ा बहन का सुहाग, जीजा की पीट-पीटकर हत्या

Brother in Law Murder: सूरजपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां लटोरी चौकी क्षेत्र के द्वारिकानगर ग्राम पंचायत में छेरछेरा पर्व के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चार साल पुरानी लव मैरिज से नाराज दो सगे भाइयों ने अपने ही जीजा की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रामलल्लू अगरिया (24 साल) के रूप में हुई है। लटोरी पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों टेम साय पैकरा (25) और गेंद बिहारी पैकरा (20) को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें:- सरगुजा में पति ने तीन बार तलाक बोलकर पत्नी को घर से निकाला, दूसरी महिला से अफेयर का आरोप
जानकारी के मुताबिक रामलल्लू अगरिया ने चार साल पहले टिकेश्वरी से लव मैरिज की थी, जो आरोपियों की बहन है। दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद पति-पत्नी साथ रह रहे थे, लेकिन युवती के भाई इस रिश्ते से नाराज थे। इसी कारण बीते चार सालों से दोनों परिवारों के बीच कोई सामाजिक या पारिवारिक संबंध नहीं था। छेरछेरा पर्व के अवसर पर रामलल्लू के घर खाने-पीने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान छोटा साला गेंद बिहारी शराब के नशे में रामलल्लू के घर पहुंचा। (Brother in Law Murder)

घर में मौजूद लोगों के बीच मामूली कहासुनी हो गई। विवाद के बाद गेंद बिहारी धमकी देते हुए वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह अपने बड़े भाई टेम साय को साथ लेकर वापस लौटा। दोनों भाइयों ने मिलकर रामलल्लू पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए रामलल्लू के छोटे भाई अनिल के साथ भी मारपीट की गई। घटना में गंभीर रूप से घायल रामलल्लू और अनिल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी ले जाया गया। अनिल की हालत सामान्य बताई गई, जबकि रामलल्लू की स्थिति गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान रामलल्लू ने दम तोड़ दिया। (Brother in Law Murder)
हत्या में उपयोग लाठी-डंडे बरामद
घटना की सूचना मिलते ही लटोरी पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में उपयोग किए गए लाठी-डंडे भी जब्त कर लिए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने लव मैरिज को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश की बात स्वीकार की है। सूरजपुर एडिशनल एसपी संतोष कुमार महतो ने बताया कि छेरछेरा पर्व के दौरान हुए विवाद में पुरानी रंजिश सामने आई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घटना के बाद से द्वारिकानगर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस सतर्क है।




