मुंगेली कोर्ट में ट्रक चोरी के आरोपी का हाईवोल्टेज ड्रामा, कटघरे से कूदकर जज के सामने पहुंचा; दी जान से मारने की धमकी
मुंगेली जिला न्यायालय में ट्रक चोरी के आरोपी भगतराम राजपूत ने पेशी के दौरान हंगामा किया। कटघरे से कूदकर जज के डायस तक पहुंचा और धमकी देने का आरोप। कोर्ट की शिकायत पर नई FIR दर्ज।

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला न्यायालय में पेशी के दौरान ट्रक चोरी के एक आरोपी ने जमकर हंगामा किया। नाम पूछने पर आरोपी इस कदर भड़क गया कि उसने पुलिसकर्मियों से अभद्रता शुरू कर दी। देखते ही देखते वह न्यायालय के कटघरे से छलांग लगाकर सीधे पीठासीन अधिकारी के डायस तक पहुंच गया। आरोप है कि उसने न्यायिक अधिकारी को धमकी देने के साथ वहां लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने की कोशिश भी की। घटना के बाद न्यायालय की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ एक और FIR दर्ज की गई है।
नाम पूछते ही भड़का, कोर्ट में करने लगा हंगामा
मामला सरगांव थाना क्षेत्र में दर्ज ट्रेलर चोरी के प्रकरण से जुड़ा है। पुलिस ने इस मामले में भगतराम राजपूत (25) को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे पुलिस रिमांड की प्रक्रिया के लिए मुंगेली जिला न्यायालय में पेश किया गया था।
शिकायत के मुताबिक, पुलिसकर्मी आरोपी को न्यायालय के कटघरे में खड़ा करने ले जा रहे थे। इसी दौरान जब उससे उसका नाम पूछा गया तो वह भड़क गया। उसने नाम बताने से इनकार करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया।
‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे…’ कहकर जज को दी धमकी
आरोप है कि गुस्से में भगतराम ने पीठासीन अधिकारी की ओर उंगली दिखाते हुए कहा, ‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे…’। इसके बाद उसने अचानक कटघरे से छलांग लगा दी और सीधे पीठासीन अधिकारी के सामने पहुंच गया।
आरोपी ने वहां लगे कांच के फ्रेम को जोर-जोर से तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ भी गाली-गलौज की गई। शिकायत में आरोपी पर पीठासीन अधिकारी और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। न्यायालय परिसर में हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
कोर्ट की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दूसरी FIR
घटना के बाद न्यायालय के प्रस्तुतकर्ता शत्रुघन कुमार बेलदार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मुंगेली पुलिस ने भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अलग से अपराध दर्ज किया है।
पुलिस अब न्यायालय परिसर में हुए हंगामे और आरोपी के कथित व्यवहार से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
GPS लोकेशन से पकड़ा गया था चोरी का ट्रेलर
भगतराम राजपूत की गिरफ्तारी ट्रेलर चोरी के मामले में हुई थी। पुलिस के अनुसार, चालक रामखिलावन कुर्मी ने सरगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह गेवरा खदान से ट्रेलर में करीब 38.650 टन कोयला लोड कर रायपुर स्थित वंदना प्लांट के लिए निकला था।
15 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे उसने सरगांव-पथरिया मोड़ के पास ट्रेलर खड़ा किया और चाय पीने के लिए दुकान चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो ट्रेलर वहां से गायब था। इसके बाद उसने पुलिस को इसकी सूचना दी।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने ट्रेलर में लगे GPS की लोकेशन ट्रेस की। तकनीकी जांच में ट्रेलर की लोकेशन मदकू गांव में मिली। इसके बाद पुलिस ने मदकूद्वीप चौक के पास घेराबंदी कर चोरी का ट्रेलर बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए युवक की पहचान भगतराम राजपूत के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर ट्रेलर जब्त कर लिया था।
अब ट्रेलर चोरी के मामले के साथ-साथ न्यायालय में हंगामा करने और न्यायिक अधिकारी को कथित रूप से धमकी देने के मामले में भी आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है।



