Google Analytics —— Meta Pixel

कवर्धा में 7 करोड़ का धान गायब, चूहे-दीमक पर फोड़ा गया ठीकरा, अधिकारी बोले- मौसम और कीड़े जिम्मेदार

Paddy Missing in Kawardha: कवर्धा से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जो सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है, जहां 7 करोड़ रुपए कीमत का धान गायब हो गया है। हैरानी की बात यह है कि विपणन विभाग के अधिकारी इस भारी भरकम नुकसान के लिए चूहे, दीमक और कीड़ों को जिम्मेदार बता रहे हैं। दरअसल, मामला कबीरधाम जिले का है, जहां साल 2024-25 में समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदे गए धान को जिले के दो संग्रहण केंद्र बाजार चारभाठा और बघर्रा में रखा गया था। कुल मिलाकर करीब 7 लाख 99 हजार क्विंटल धान का भंडारण किया गया था, लेकिन जब धान का उठाव हुआ और संग्रहण केंद्रों में स्टॉक का मिलान किया गया तो बड़ा खुलासा हुआ।

यह भी पढ़ें:- एंबुलेंस की आड़ में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 2 करोड़ 60 लाख का गांजा जब्त

दोनों केंद्रों से 26 हजार क्विंटल धान कम पाया गया। इस धान की कीमत लगभग 7 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। पूरे मामले में सबसे ज्यादा गड़बड़ी बाजार चारभाठा संग्रहण केंद्र में सामने आई है, जहां अकेले 22 हजार क्विंटल धान की कमी पाई गई, जहां के प्रभारी पर करीब 5 करोड़ रुपए की हेराफेरी का आरोप लगा है। इसे लेकर संग्रहण केंद्र प्रभारी के खिलाफ उच्च स्तरीय शिकायत भी दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संग्रहण प्रभारी ने उपार्जन केंद्र के प्रभारी के साथ मिलकर धान का फर्जी आवक-जावक बताया गया। ड्रेनेज खरीदी के फर्जी बिल, मजदूरों की फर्जी हाजिरी और संग्रहण केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में बार बार छेड़छाड़ कर पूरी गड़बड़ी को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। 

विपणन विभाग ने दी सफाई

इस पूरे मामले पर जिला विपणन अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि संग्रहण केंद्र प्रभारी प्रितेश पांडेय को हटा दिया गया है, जो धान की कमी सामने आई है, वह मौसम की वजह से और चूहे, दीमक-कीड़ों के खाने से हुई है। पूरे प्रदेश के 65 संग्रहण केंद्रों की तुलना में हमारे जिले की स्थिति काफी बेहतर है। मामले की जांच कर रहे सहायक जिला खाद्य अधिकारी मदन साहू ने भी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि बाजार चारभाठा संग्रहण केंद्र के प्रभारी के खिलाफ अलग-अलग बिंदुओं पर शिकायत प्राप्त हुई है। (Paddy Missing in Kawardha)

नुकसान की जिम्मेदारी तय होना अब भी बाकी…!

सहायक जिला खाद्य अधिकारी ने कहा कि जांच के लिए टीम गठित की गई है। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाई गई है। अंतिम निष्कर्ष आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब सवाल यह है कि क्या 26 हजार क्विंटल धान वाकई चूहे-दीमक खा गए ? या फिर 7 करोड़ के धान की हेराफेरी को ढकने की कोशिश हो रही है और अगर शुरुआती जांच में शिकायत सही पाई गई है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई कब ? फिलहाल नजरें जांच रिपोर्ट और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। कागजों में धान पूरा है, लेकिन गोदाम से 7 करोड़ का स्टॉक गायब है। जांच एजेंसियों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती इस गड़बड़ी के असली जिम्मेदारों तक पहुंचना है। यह मामला सिर्फ धान का नहीं, बल्कि किसानों और सरकारी पैसे की सुरक्षा का है। अब देखना होगा कि अंतिम रिपोर्ट में जिम्मेदारी किसके खाते में जाती है। (Paddy Missing in Kawardha)

Back to top button
error: Content is protected !!