Google Analytics —— Meta Pixel

बिलासपुर के ITI कोनी में न्यू ईयर पार्टी को लेकर बवाल, छात्रों ने लगाए पढ़ाई बंद कर जश्न मनाने के आरोप

Party in ITI Koni: बिलासपुर के ITI कोनी में नए साल के जश्न को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। NSUI और ITI के छात्रों ने आरोप लगाया है कि 2 जनवरी को पढ़ाई के समय अचानक कक्षाएं बंद कर दी गई। साथ ही छात्रों को छुट्टी देकर शिक्षक और कर्मचारियों ने ITI परिसर के भीतर ही न्यू ईयर पार्टी का आयोजन किया। छात्रों का कहना है कि जिस समय कक्षाएं चलनी चाहिए थी, उसी दौरान कैंपस में तेज आवाज में गाने बजते रहे और देर तक डांस होता रहा। आरोप है कि पार्टी के दौरान अश्लील गानों पर जमकर ठुमके लगाए गए, जिससे न सिर्फ शैक्षणिक माहौल खराब हुआ, बल्कि हॉस्टल में रहने वाले छात्रों की पढ़ाई और तैयारी भी प्रभावित हुई।

यह भी पढ़ें:- रायपुर पुलिस लाइन परिसर में सैकड़ों PPE किट मिलने से हड़कंप, हाई-सिक्योरिटी जोन में लापरवाही

छात्रों ने कहा कि ITI का सिलेबस पहले से ही अधूरा है। ऐसे में पढ़ाई छोड़कर इस तरह का जश्न मनाना शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा नजदीक होने के बावजूद पढ़ाई बाधित की गई। NSUI और छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि अगर कोई छात्र इस तरह की गतिविधियों का विरोध करता है तो उसे नंबर और हाजिरी काटने की धमकी दी जाती है। इसी डर के कारण कई छात्र खुलकर अपनी बात सामने नहीं रख पाते। (Party in ITI Koni)

आंदोलन की चेतावनी

इस पूरे मामले को लेकर NSUI और ITI के छात्रों ने प्राचार्य को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षकों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही भविष्य में शैक्षणिक संस्थान में इस तरह के गैर-शैक्षणिक आयोजनों पर रोक लगाने की भी मांग की गई है। NSUI ने चेतावनी दी है कि अगर इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। संगठन का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। (Party in ITI Koni)

Back to top button
error: Content is protected !!