बालोद में आज से शुरू होगा पहला राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी, देश-विदेश से जुटेंगे 15 हजार रोवर-रेंजर

National Rover Ranger Jamboree: बालोद जिले के दुधली गांव में भारत स्काउट्स और गाइड्स नई दिल्ली के तत्वावधान में आज से 13 जनवरी 2026 तक पहला राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आयोजन किया जा रहा है। यह देश में पहली बार आयोजित हो रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ के 4,252 समेत देश-विदेश से कुल 15 हजार रोवर, रेंजर और सीनियर स्काउट-गाइड भाग लेंगे। राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का शुभारंभ दोपहर 2 बजे राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन करेंगे।
यह भी पढ़ें:- जनदर्शन बना उम्मीदों का मंच, मुख्यमंत्री साय ने सुनी 1950 फरियादें
उद्घाटन समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग, मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा विधायक, राज्य-जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय-राज्य पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी समारोह में शामिल होंगे। जंबूरी के समापन अवसर पर 12 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही आयोजन के अलग-अलग दिन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, डिप्टी CM अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी समेत कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय अतिथि शामिल होंगे।
भारतीय और वैश्विक संस्कृति की दिखेगी अनुपम झलक
पांच दिवसीय इस आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ समेत देश के अलग-अलग राज्यों और अन्य देशों से आए प्रतिभागियों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। इस जंबूरी के माध्यम से छत्तीसगढ़ी और भारतीय संस्कृति के साथ-साथ वैश्विक संस्कृति की भी आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। जंबूरी के दौरान मार्च पास्ट, क्लोजिंग सेरेमनी, एथनिक फैशन शो, एडवेंचर एरिया, वॉटर स्पोर्ट्स, कैप फायर, रोड कैम्प फायर, राज्य प्रदर्शनी, आदिवासी कार्निवल, राष्ट्रीय युवा दिवस, मास ट्री प्लांटेशन, आपदा प्रबंधन, बैंड प्रतियोगिता, युवा सांसद, क्विज प्रतियोगिता, लोक नृत्य समेत कई शैक्षणिक, सांस्कृतिक और साहसिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। (National Rover Ranger Jamboree)
सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य की पुख्ता व्यवस्था
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जंबूरी काउंसिल और जिला प्रशासन की ओर से आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जंबूरी मार्केट में खाद्य सामग्री, दवाइयां और आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्नानघर और स्वच्छता व्यवस्था, 30 बिस्तरों वाला अस्थायी अस्पताल, 24 घंटे चिकित्सकीय सुविधा, अग्निशमन, पुलिस, यातायात और सुरक्षा बलों की तैनाती एनडीआरएफ टीम की विशेष तैनाती रहेगी। पहले राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आयोजन बालोद जिला और छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। (National Rover Ranger Jamboree)



