Google Analytics —— Meta Pixel

बंदूक नहीं, संवाद और विकास ही स्थायी समाधान: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

CM on Naxal Surrender: बस्तर अंचल में शांति, विश्वास और विकास की दिशा में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। दंतेवाड़ा जिले में “पूना मारगेम- पुनर्वास से पुनर्जीवन” अभियान के तहत 36 इनामी समेत कुल 63 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर लोकतांत्रिक और विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का संकल्प लिया है, जिनमें 18 महिलाएं और 45 पुरुष शामिल हैं। यह सिर्फ आत्मसमर्पण नहीं, बल्कि बस्तर के भविष्य के लिए एक निर्णायक परिवर्तन है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को फिर बड़ा झटका, 36 इनामी समेत 63 नक्सलियों ने किया सरेंडर

इसे लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की स्पष्ट, बहुआयामी सुरक्षा और विकास रणनीति का प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रमाण है कि बंदूक नहीं, संवाद और विकास ही स्थायी समाधान हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की संवेदनशील पुनर्वास नीति, सटीक सुरक्षा रणनीति और सुशासन आधारित प्रशासनिक दृष्टिकोण के कारण नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। नक्सल नेटवर्क का प्रभावी विघटन हो रहा है और बस्तर के सुदूर अंचलों में अब तेजी से सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले युवाओं को सरकार की ओर से सम्मानजनक पुनर्वास, कौशल प्रशिक्षण, आजीविका और सामाजिक पुनर्स्थापन की समुचित व्यवस्था दी जाएगी, ताकि वे आत्मनिर्भर नागरिक बनकर समाज की मुख्यधारा में स्थायी रूप से स्थापित हो सकें। उन्होंने कहा कि बस्तर अब भय नहीं, भविष्य की भूमि बन रहा है, जहां शांति, सुशासन और विकास मिलकर एक स्वर्णिम कल की नींव रख रहे हैं। डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दूरदर्शी नेतृत्व, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में बस्तर में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं ने विश्वास, विकास और शांति का नया वातावरण बनाया है। बस्तर अब भय नहीं, विश्वास और भविष्य की पहचान बन रहा है।

डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि हमारी सरकार नक्सल उन्मूलन के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद खत्म करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के गृहमंत्री अमित शाह का संकल्प है। उस दिशा में हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। बस्तर के लोगों के जीवन खुशहाली आए इसके लिए काम हो रहा है। सुरक्षाबल के रणनीति से बड़े-बड़े नक्सली न्यूट्रलाइज हो रहे हैं। आने वाले कुछ दिनों में बस्तर नक्सल मुक्त होगी। कांग्रेस को लेकर साव ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हमारे सुरक्षाबल के कामों पर प्रश्न उठाने वाले कांग्रेसी आज सुरक्षाबल की सफलता पर वाह वाही लूटना चाह रहे हैं। कांग्रेस नक्सलियों से रिश्ता निभा रही थी।
साव ने कांग्रेस पर साधा निशाना

डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस ने जो रोडमैप तैयार किया था, वह पूरी दुनिया के सामने है। उस रोड मैप के तहत उन्होंने घोटालों का काम किया, छत्तीसगढ़ के विकास को अवरुद्ध किया और नक्सलवादियों को खुली छूट दी। वे नक्सलियों से रिश्ते निभा रहे थे। अब जब सफलता मिल रही है तो वे श्रेय लेने चले आ रहे हैं। सुरक्षाबल के कार्यों पर प्रश्न चिन्ह उठाए वो नक्सल उन्मूलन का रोडमैप बनाए ये कभी हो सकता है क्या ? दरअसल, कांग्रेस ने दावा किया था कि नक्सल उन्मूलन की दिशा में जो रोडमैप काम कर रहा है, वह उनका ही तैयार किया गया था और वर्तमान सरकार उसी पर आगे बढ़ रही है। कांग्रेस ने कहा था कि नक्सलियों के खिलाफ आज जो प्रगति नजर आ रही है, उसका श्रेय भाजपा खुद लेने की कोशिश कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!