Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ के ज्वेलरी दुकानों में बुर्का-नकाब और हेलमेट पहनकर एंट्री बैन, गरियाबंद लूटकांड के बाद फैसला

Instructions For Jewelry Stores: बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और झारखंड के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी सर्राफा दुकानों में सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए गए हैं। प्रदेश की सभी सोने-चांदी की दुकानों में अब बुर्का, नकाब, घूंघट, मास्क और हेलमेट पहनकर आने वाले लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह अहम फैसला छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन ने लिया है। एसोसिएशन का कहना है कि यह निर्णय किसी समुदाय या वर्ग विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरी तरह सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। दरअसल, गरियाबंद जिले के नवापारा-राजिम इलाके में हाल ही में एक ज्वेलरी शॉप से करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की घटना सामने आई थी।

यह भी पढ़ें:- जूनियर मिस इंडिया मिस कॉन्फिडेंट 2026 बनीं आद्या श्रीवास्तव

इस वारदात के बाद प्रदेशभर के स्वर्णकारों और सर्राफा व्यापारियों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया। इसी घटना को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन ने आपातकालीन बैठक बुलाई। ज्वेलरी दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने की, जिसमें अलग-अलग जिलों से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए, जिनमें प्रकाश गोलचा (बिलासपुर), हर्षवर्धन जैन (रायपुर), प्रदीप घोरपोड़े (रायपुर), संजय कुमार कनुगा (रायपुर), उत्तमचंद भंडारी (दुर्ग), पवन अग्रवाल (बिलासपुर), राजू दुग्गड़ (बस्तर) और राजेश सोनी (सरगुजा) शामिल रहे। (Instructions For Jewelry Stores)

क्यों लिया गया यह फैसला ?

चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया कि चेहरा ढंककर आने वाले किसी भी व्यक्ति को ज्वेलरी शॉप में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। जब अपराधी नकाब, बुर्का या हेलमेट पहनकर आते हैं तो CCTV फुटेज में उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि पहचान छिपाने के कारण कई मामलों में अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर रह जाते हैं। इसी वजह से यह निर्णय लिया गया है। सर्राफा एसोसिएशन ने कहा कि यह फैसला किसी धर्म, समुदाय या महिला वर्ग के खिलाफ नहीं है। ग्राहक दुकान में प्रवेश से पहले चेहरा स्पष्ट करके खरीदारी कर सकते हैं।

छत्तीसगढ़ में बुर्का या नकाब पहनकर हुई बड़ी वारदातें

सर्राफा एसोसिएशन ने कहा कि इसका उद्देश्य केवल दुकानदारों और ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। एसोसिएशन का दावा है कि इस फैसले से बाजारों में अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनेगा और वारदातों में कमी आएगी। करीब एक महीने पहले अंबिकापुर के सदर रोड स्थित जगदंबा आभूषण भंडार में चोरी की कोशिश हुई थी। आरोपी बुर्का पहनकर दुकान के बगल में बन रहे एक निर्माणाधीन भवन के रास्ते अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। हालांकि दुकान में हलचल होने पर आसपास के लोगों को शक हुआ और आरोपी मौके से फरार हो गया। दूसरी बड़ी घटना सुकमा जिले की है, जहां 2 नकाबपोश लुटेरों ने ज्वेलरी शॉप से करीब 13 लाख रुपए की लूट को अंजाम दिया। CCTV फुटेज में साफ दिखा कि एक आरोपी व्यापारी पर पिस्टल ताने हुए था। दूसरा आरोपी सोने-चांदी के जेवर समेट रहा था। दुकान में मौजूद एक बच्ची को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया। पुलिस ने घटना के 3 घंटे के भीतर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

संविधान और हिजाब पर क्या कहता है कानून ?

एसोसिएशन ने सभी सर्राफा व्यापारियों से हाई क्वालिटी CCTV कैमरे, अलार्म सिस्टम, सेफ लॉक और आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस और एसोसिएशन को देने का आग्रह किया गया है। संविधान के अनुच्छेद-25 के तहत हर नागरिक को अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता है। हालांकि सर्राफा एसोसिएशन का कहना है कि यह निर्णय निजी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा नीति के तहत लिया गया है, न कि किसी धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से। सर्राफा एसोसिएशन ने संकेत दिए हैं कि अगर अपराध की घटनाएं नहीं रुकती तो आने वाले दिनों में और भी सख्त सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं। (Instructions For Jewelry Stores)

Back to top button
error: Content is protected !!