Google Analytics —— Meta Pixel

चूहे-गाय खा गए 25 करोड़ का धान…!, महासमुंद के 5 केंद्रों से हजारों क्विंटल धान गायब

Paddy Missing in Mahasamund: कवर्धा के बाद अब महासमुंद जिले में भी धान खरीदी को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है। जिले के 5 धान संग्रहण केंद्रों से 81 हजार 620 क्विंटल धान गायब पाया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 25 करोड़ 30 लाख रुपए बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इस करोड़ों के नुकसान के पीछे अधिकारियों और संग्रहण केंद्र प्रभारियों ने चूहे, गाय, किट-पतंगे, दीमक और मौसम को जिम्मेदार ठहराया है। 2024-25 में महासमुंद जिले में 110 लाख क्विंटल से ज्यादा धान की खरीदी की गई थी। राइस मिलरों की ओर से उठाव के बाद जिले के महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली स्थित 5 संग्रहण केंद्रों में 22 लाख 88 हजार 875 क्विंटल धान संग्रहित किया गया था।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के ज्वेलरी दुकानों में बुर्का-नकाब और हेलमेट पहनकर एंट्री बैन, गरियाबंद लूटकांड के बाद फैसला

चूहे-गाय खा गए 25 करोड़ का धान ?

धान के सुरक्षित भंडारण के लिए जिला विपणन विभाग ने कैप कवर, प्लास्टिक शीट, भूंसा और फर्टिलाइजर जैसी व्यवस्थाओं पर करीब 2.5 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए थे। इसके बावजूद जब स्टॉक का मिलान किया गया तो 81,620 क्विंटल धान की भारी कमी सामने आई। संग्रहण केंद्रों से धान गायब होने को लेकर जब प्रशासन ने जवाब मांगा तो सभी केंद्र प्रभारियों के जवाब करीब एक जैसे निकले। जवाब में कहा गया कि चूहों ने धान कुतर दिया। गायों से नुकसान हुआ। किट-पतंगों और दीमक से धान खराब हुआ। मौसम की वजह से क्षति हुई। हालांकि 25 करोड़ रुपए के धान का इस तरह गायब होना किसी के गले नहीं उतर रहा। सवाल यह भी है कि जब सरकार समर्थन मूल्य पर किसानों से एक-एक दाना खरीद रही है तो फिर वही दाना संग्रहण केंद्रों से कैसे गायब हो गया ? (Paddy Missing in Mahasamund)

कांग्रेस ने बताया बड़ा घोटाला

इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि यह मामला सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि कट, कमीशन और बड़े स्तर के भ्रष्टाचार का परिणाम है। कांग्रेस के पूर्व प्रभारी प्रदेश महामंत्री अमरजीत चांवला ने कहा कि धान घोटाले की जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। जिम्मेदार अधिकारियों को बचाने की कोशिश हो रही है। 25 करोड़ के इस घोटाले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। कांग्रेस ने उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इधर, धान की भारी शॉर्टेज सामने आने के बाद प्रशासन ने सभी 5 संग्रहण केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी कर 8 बिंदुओं पर जवाब मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि जवाबों के परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। (Paddy Missing in Mahasamund)

जिम्मेदार कौन ?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि करोड़ों रुपए खर्च करने के बावजूद धान सुरक्षित क्यों नहीं रहा ? क्या यह लापरवाही है या संगठित घोटाला ? क्या चूहे और गाय वास्तव में 25 करोड़ का धान खा सकते हैं ? फिलहाल यह मामला शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। बता दें कि प्रदेश में करोड़ों के धान को चूहे खाने के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। इस बीच राजधानी रायपुर में कांग्रेस के नेता सरकार को घेरने सड़कों पर चूहे पकड़ने वाला पिंजरा लेकर उतर गए। कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय की अगुआई में कांग्रेस नेता चूहा पिंजरा जाली देने खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के बंगले जा रहे थे, जिन्हें पुलिस-प्रशासन ने आजाद चौक के पास रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने जमकर नारेबाजी की और गड़बड़ी का आरोप लगाया।

Back to top button
error: Content is protected !!