Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर आई सामने, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत पर लगे वंशवाद के आरोप

Internal Conflict in Congress: छत्तीसगढ़ की राजनीति में बड़ा सियासी बवाल खड़ा हो गया। दरअसल, कांग्रेस के भीतर से ही नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और 6 बार के सांसद रहे परसराम भारद्वाज के बेटे संजय भारद्वाज ने सोशल मीडिया के जरिए चरणदास महंत पर वंशवाद, सत्ता के दुरुपयोग और राजनीतिक संरक्षण जैसे तीखे आरोप लगाए हैं। संजय भारद्वाज ने अपने पोस्ट में कहा कि चरणदास महंत अपने परिवार की सत्ता को बचाने और आगे बढ़ाने का प्रोडक्ट बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महंत राज्यसभा की लाइन में लगकर अपने बेटे को राजनीतिक रूप से लॉन्च करने की तैयारी में हैं, जबकि उनकी पत्नी पहले से ही सांसद हैं। संजय ने इसे लोकतंत्र नहीं, बल्कि वंशवाद की खुली दुकान बताया।

यह भी पढ़ें:- चूहे-गाय खा गए 25 करोड़ का धान…!, महासमुंद के 5 केंद्रों से हजारों क्विंटल धान गायब

संजय भारद्वाज ने जांच एजेंसियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि प्रदेश में कई कांग्रेस नेताओं पर ED, EOW और CBI की कार्रवाई हो रही है, लेकिन महंत परिवार के आसपास कभी कोई जांच क्यों नहीं हुई। उनका कहना है कि यह सवाल अपने आप में बहुत कुछ कह जाता है। बता दें कि संजय भारद्वाज के भाई रवि भारद्वाज भी कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं, जिससे यह साफ हो जाता है कि आरोप पार्टी के भीतर से ही सामने आए हैं। कांग्रेस के अंदरूनी आरोपों के बीच भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय ने तंज कसते हुए कहा कि भ्रष्टाचार की वजह से कांग्रेस में एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का खेल चलता रहता है। (Internal Conflict in Congress)

कांग्रेस ने बीजेपी पर लगाया आरोप

उन्होंने कहा कि आपसी झगड़ों का ही नतीजा है कि अब वरिष्ठ नेताओं पर इस तरह के आरोप लग रहे हैं और ऐसी हालत में कांग्रेस को खत्म होने से कोई नहीं रोक सकता। वहीं पूरे मामले पर कांग्रेस की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह निश्चित रूप से गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुखर हैं और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। शुक्ला ने इसे भाजपा के इशारे पर रची गई साजिश बताया और कहा कि पूरे प्रकरण की जांच की जाएगी। अगर आरोपों में सत्यता पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में यह विवाद सत्ता बनाम विपक्ष का नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर से उठे आरोपों का है। इस घटनाक्रम ने कांग्रेस की आंतरिक राजनीति, नेतृत्व और परिवारवाद को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि कांग्रेस इन आरोपों से कैसे निपटती है और आने वाले दिनों में यह अंदरूनी घमासान किस दिशा में जाता है।

5 साल सत्ता में रहने के बाद मिली हार

बता दें कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस इस समय कमजोर और संघर्ष के दौर से गुजर रही है। 2023 के विधानसभा चुनाव में सत्ता गंवाने के बाद पार्टी विपक्ष में है और भाजपा मजबूत स्थिति में बनी हुई है। इसके बाद हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भी कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा, जिससे संगठन की जमीनी स्थिति पर सवाल खड़े हुए हैं। पार्टी के भीतर गुटबाजी, नेतृत्व को लेकर असंतोष और सार्वजनिक रूप से सामने आ रहे आरोप-प्रत्यारोप कांग्रेस की चुनौतियों को ओर बढ़ा रहे हैं। हालांकि कांग्रेस विधानसभा और सड़कों पर विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है, लेकिन संगठन को दोबारा मजबूत करना और जनता का भरोसा वापस पाना उसके लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। (Internal Conflict in Congress)

Back to top button
error: Content is protected !!