गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में आत्मदाह का प्रयास, लॉ स्टूडेंट ने की जान देने की कोशिश

Suicide Attempt in GGU: बिलासपुर के गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में कानून की पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया है। घटना के बाद छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। जानकारी के मुताबिक गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के लॉ विभाग में BALLB चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र आयुष यादव ने 15 जनवरी की सुबह खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। बताया जा रहा है कि घटना विश्वविद्यालय परिसर के बाहर की है।
यह भी पढ़ें:- नकली नोट मामला, हाईकोर्ट ने पांच साल की सजा को किया खारिज, आरोपी बरी
आसपास मौजूद अन्य छात्रों ने तत्काल आग बुझाई, जिससे उसकी जान बच सकी। घटना के बाद आयुष यादव को पहले सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक छात्र की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक आत्मदाह का प्रयास करने से पहले छात्र ने एक वीडियो भी बनाया था, जिसे जांच का हिस्सा बनाया गया है। (Suicide Attempt in GGU)
हर एंगल से मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने छात्र का मोबाइल जब्त कर लिया है और कॉल रिकॉर्ड्स, मैसेज समेत वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि आयुष यादव उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में बिलासपुर के एक निजी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने छात्र के परिजनों को सूचित कर दिया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस छात्र के दोस्तों, सहपाठियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी मानसिक तनाव या दबाव में था या नहीं। फिलहाल आत्मदाह के प्रयास के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
NCRB की रिपोर्ट पर एक नजर
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक देश में आत्महत्या के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रिपोर्ट बताती है कि छात्रों और युवाओं में आत्महत्या की घटनाएं एक गंभीर सामाजिक चुनौती बनती जा रही हैं, जिनके पीछे पढ़ाई का दबाव, मानसिक तनाव, पारिवारिक समस्याएं और भविष्य को लेकर अनिश्चितता जैसे कारण प्रमुख रूप से सामने आए हैं। NCRB ने अपनी रिपोर्ट में यह भी रेखांकित किया है कि समय पर काउंसलिंग, मानसिक स्वास्थ्य सहायता और सामाजिक सहयोग की कमी के चलते कई मामलों में स्थिति गंभीर हो जाती है, जिससे आत्मघाती कदम उठाने जैसी घटनाएं सामने आती हैं।



