Chhattisgarh : अवैध धर्मांतरण नेटवर्क का खुलासा, हाई-टेक उपकरणों के साथ आरोपी गिरफ्तार
Chhattisgarh News : राजनांदगांव जिले के सुदूर ग्राम धर्मापुर में अवैध धर्मांतरण से जुड़े एक कथित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। लालबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत सुकुलदेहन चौकी पुलिस ने डेविड चाको नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जो कथित रूप से अवैध रूप से आश्रम और चर्च का संचालन कर रहा था। पुलिस के अनुसार, यहां नाबालिग बच्चों को रखकर धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
यह भी पढ़े :- मनरेगा में कबीरधाम फिर नंबर वन, रोजगार सृजन में रचा रिकॉर्ड
जांच में सामने आया है कि आरोपी दूरस्थ और बिजलीविहीन गांवों में सोलर आधारित डिजिटल प्रोजेक्टर के माध्यम से ग्रामीणों को प्रभावित करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से हाई-टेक सोलर प्रोजेक्टर जब्त किए हैं, जिनकी कीमत हजारों डॉलर आंकी जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इन उपकरणों की फंडिंग विदेशों से की गई हो सकती है।
मामले की शुरुआत 8 जनवरी को ग्राम धर्मापुर से प्राप्त एक लिखित शिकायत के बाद हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक व्यक्ति अवैध रूप से आश्रम और चर्च चला रहा है, जहां नाबालिग बच्चों को रखा जा रहा है और धर्मांतरण की गतिविधियां की जा रही हैं।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। (Chhattisgarh News)
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मिले विदेशी उपकरणों से संकेत मिलते हैं कि यह नेटवर्क केवल एक स्थान तक सीमित नहीं हो सकता। मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। (Chhattisgarh News)



