Google Analytics —— Meta Pixel

जांजगीर में फिल्मी अंदाज में 20 लाख की लूट, सुपरवाइजर को मैनपाट की खाई में फेंका, मौत को चकमा देकर बचा पीड़ित

Robbery in Janjgir: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। कैश कलेक्शन कर लौट रहे एक कंपनी सुपरवाइजर से 20 लाख रुपए से ज्यादा की लूट कर उसे हत्या की नीयत से 193 किलोमीटर दूर मैनपाट की गहरी खाई में धकेल दिया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि पीड़ित मौत को मात देकर जिंदा बच निकला और फिर पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश किया।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में रेप केस के बाद सख्ती, आरोपी के घर पर निगम का बुलडोजर एक्शन

पीड़ित हरीश देवांगन चांपा के अरविंद इंडस्ट्रीज में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं, जो 9 जनवरी 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे कंपनी के कैश कलेक्शन के लिए बाइक से सक्ती रवाना हुए थे। उन्होंने सक्ती के विष्णु पेट्रोल पंप से 15 लाख 66 हजार 200 रुपए और ठठारी स्थित बंशीधर हार्डवेयर से 4 लाख 52 हजार 500 रुपए कैश कलेक्ट किए। कुल रकम 20 लाख 18 हजार 700 रुपए थी। दोपहर करीब 3:30 बजे जब वे कोसमंदा तालाब मेन रोड के पास पहुंचे, तभी एक काली रंग की कार ने उनका रास्ता रोक लिया।

मैनपाट ले जाकर हत्या की कोशिश

कार में सवार बदमाशों ने अचानक उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। आंखों में तेज जलन के कारण हरीश बाइक रोककर आंख साफ करने लगे, इसी दौरान तीन आरोपी कार से उतरे और पैसों से भरा बैग छीनने लगे। शोर मचाने पर आरोपियों ने हरीश को जबरन पकड़कर कार में डाल लिया, मोबाइल छीन लिया और मारपीट करते हुए उन्हें अपने साथ ले गए। आरोपी हरीश को रात करीब 9 बजे मैनपाट के सेल्फी पॉइंट के पास ले गए। वहां लूट की रकम छीनने के बाद उसे जान से मारने की नीयत से गहरी खाई में धक्का दे दिया। आरोपियों को लगा कि हरीश की मौत हो चुकी है और वे फरार हो गए, लेकिन किस्मत ने साथ दिया।

हरीश खाई में गिरने के बाद झाड़ियों और पेड़ों में फंस गया और पूरी रात पेड़ के सहारे लटका रहा। अगली सुबह किसी तरह पत्थरों और पेड़ों की मदद से सड़क तक पहुंचा। वहां से लिफ्ट लेकर कापू पहुंचा और एक कंप्यूटर दुकान से मोबाइल लेकर कंपनी को पूरी घटना की जानकारी दी। 10 जनवरी की शाम पुलिस पीड़ित को लेकर मैनपाट पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद हरीश का इलाज बीडीएम अस्पताल में कराया गया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी रास्तेभर उसे धमकी देते रहे कि अगर पुलिस में शिकायत की तो उसके पूरे परिवार को जान से मार देंगे, जिससे वह बुरी तरह डरा हुआ था। (Robbery in Janjgir)

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर विशेष सायबर टीम को जांच में लगाया गया। सायबर टीम ने चांपा, बलौदा और कोरबा क्षेत्र के करीब 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध काली कार घटनास्थल से पिसौद, चांपा, पहरिया, बलौदा होते हुए कोरबा की ओर जाती दिखाई दी। आधे-अधूरे वाहन नंबर और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार की पहचान की गई। कार का मालिक अमीर मिरी के चांपा के बिरगहनी का पाया गया, जो पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। सख्ती से पूछताछ में उसने पूरे लूटकांड का खुलासा कर दिया।

कंपनी का ही कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड

पूछताछ में सामने आया कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड योगेश रात्रे है, जो अरविंद इंडस्ट्रीज में पिछले 17 सालों से काम कर रहा है। उसे सुपरवाइजर हरीश देवांगन के कैश कलेक्शन के रूट और समय की पूरी जानकारी थी। करीब दो महीने पहले सभी आरोपियों ने मिलकर लूट की योजना बनाई थी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें बिरगहनी का योगेश रात्रे उर्फ छोटे (32), चरणनगर का जमुना सेवायक (25), चरणनगर का महेश्वर दिवाकर उर्फ छोटे दाऊ (19) और बिरगहनी का अमीर मिरी उर्फ भोलू (25) शामिल हैं। (Robbery in Janjgir)

दो आरोपियों को ओडिशा के पुरी तट के पास होटल से गिरफ्तार किया गया, जहां वे लूट के पैसे से ऐश कर रहे थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने 13 लाख 75 हजार रुपए कैश, वारदात में प्रयुक्त कार, चाकू, बेसबॉल स्टिक और 5 मोबाइल बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी सुनील कुर्रे बाकी रकम के साथ फरार है, जिसकी तलाश जारी है। SP विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि यह मामला पूरी तरह से पूर्व नियोजित लूट और हत्या की साजिश है। सायबर तकनीक और सीसीटीवी विश्लेषण के जरिए आरोपियों तक पहुंचना संभव हो पाया।

Back to top button
error: Content is protected !!