Google Analytics —— Meta Pixel

कामवाली बाइयों की हड़ताल से ठप हुआ घरेलू कामकाज, सैलरी-छुट्टी और रास्ता खोलने की मांग

Protest of Maid Servants: बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र के विजयापुरम पॉश कॉलोनी में सुबह घरेलू कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया। इलाके में झाड़ू-पोछा, बर्तन और खाना बनाने का काम करने वाली करीब 400 से ज्यादा कामवाली बाइयां अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठ गईं। हड़ताल का सीधा असर करीब 1500 मकानों पर देखने को मिला, जहां कई घरों में सुबह की चाय, नाश्ता और अन्य जरूरी काम तक नहीं हो पाए। दरअसल, विजयापुरम कॉलोनी के पीछे स्थित अटल आवास से बड़ी संख्या में महिलाएं रोजाना घरेलू काम के लिए आती हैं।

यह भी पढ़ें:- SECL को हाईकोर्ट से झटका, जॉब प्रोफाइल से बाहर के कार्य पर दी गई सजा रद्द, अधिकारी को सभी सेवा लाभ बहाल

पिछले 15-20 सालों से ये महिलाएं कॉलोनी के पीछे बने एक पुराने शॉर्टकट रास्ते का उपयोग करती आ रही थी, लेकिन नई कॉलोनी के निर्माण और सुरक्षा का हवाला देकर इस रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। रास्ता बंद होने के बाद अब इन महिलाओं को काम पर पहुंचने के लिए 4 से 8 किलोमीटर तक का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे उन्हें रोजाना आधे से एक घंटे का अतिरिक्त समय लग रहा है, जो न सिर्फ उनकी शारीरिक थकान बढ़ा रहा है, बल्कि उनके रोजगार पर भी संकट खड़ा कर रहा है।

देरी से पहुंचने पर सुननी पड़ती है खरी-खोटी: बाई

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि लंबा रास्ता तय करने के कारण वे कई बार देर से काम पर पहुंचती हैं। ऐसे में मकान मालिक उन पर नाराजगी जताते हैं और ऑफिस जाने की जल्दी में उन्हें खरी-खोटी सुननी पड़ती है। महिलाओं का कहना है कि वे पहले ही पैदल चलकर काम पर आती हैं, अब अतिरिक्त दूरी ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कई बाइयां रोजाना 5-8 किलोमीटर पैदल चलने को मजबूर हैं। धरने पर बैठी महिलाओं ने अपनी मांगें रखी है। (Protest of Maid Servants)

क्या हैं कामवाली बाइयों की मांगें

  • महंगाई को देखते हुए मासिक वेतन में बढ़ोतरी की जाए।
  • बिना सैलरी कटौती के महीने में 3 दिन की छुट्टी दी जाए।
  • सभी कामवाली बाइयों के लिए आई-कार्ड बनाए जाएं, ताकि उनकी पहचान और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
  • विजयापुरम तक आने-जाने वाले पुराने रास्ते को फिर से खोला जाए।
  • अगर रास्ता नहीं खोला जाता है तो आने-जाने का अलग से भाड़ा दिया जाए।

सैकड़ों बाइयां सड़क पर उतरी

शनिवार सुबह से ही विजयापुरम इलाके में सैकड़ों बाइयों का जमावड़ा लगा रहा। हड़ताल कर रही एक बाई ने बताया कि कुछ सोसायटीवासियों ने उन्हें प्रदर्शन से हटने को कहा और पुलिस बुलाने की बात भी कही, लेकिन महिलाओं ने साफ कर दिया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगी। हड़ताल का सबसे ज्यादा असर गृहणियों पर देखने को मिला। रोज की तरह सुबह होते ही महिलाएं घरेलू काम के लिए बाइयों का इंतजार करती रही, लेकिन झाड़ू-पोछा, बर्तन और खाना बनाने वाली कोई भी बाई काम पर नहीं पहुंची।

कई घरों में न तो समय पर नाश्ता बन पाया और न ही अन्य जरूरी काम हो सके। गृहणियों का कहना है कि एक दिन भी बिना बाइयों के घर संभालना बहुत मुश्किल हो गया। विजयापुरम की निवासी और अधिवक्ता नुपूर ने बताया कि उनकी कामवाली बाई अचानक नहीं आई और न ही फोन कर कोई जानकारी दी। फोन लगाने पर भी कॉल रिसीव नहीं हुई। उन्होंने कहा कि हमें खुद सफर कर कोर्ट जाना पड़ता है, ऐसे में सारा काम छोड़ना मुश्किल हो जाता है। काम की कोई फिक्स सैलरी नहीं है, हर जगह अलग-अलग रेट है। जितनी जरूरत हमें उनकी है, उतनी ही जरूरत उन्हें हमारी है। दोनों पक्षों को समझदारी से समाधान निकालना होगा। (Protest of Maid Servants)

काम बंद रखने की चेतावनी

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गई तो वे सामूहिक रूप से काम बंद रखेंगी। महिलाओं का कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ रास्ते या पैसे की नहीं, बल्कि उनके सम्मान, समय और सुरक्षा से जुड़ी हुई है। फिलहाल विजयापुरम में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और गृहणियां-कामवाली बाइयां दोनों ही किसी ठोस समाधान की उम्मीद लगाए बैठी हैं। कुल मिलाकर कामवाली बाइयों की हड़ताल के चलते विजयापुरम इलाके में घरेलू कामकाज पूरी तरह प्रभावित है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में कब और क्या हस्तक्षेप करता है, जिससे दोनों पक्षों के बीच सहमति बन सके और हालात सामान्य हो सकें।

Back to top button
error: Content is protected !!