Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भीषण आग, भंडार कक्ष के महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक

Fire in DEO office: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में शनिवार रात अचानक आग की लपटें उठने लगी। यह आग कार्यालय के भंडार कक्ष में लगी, जहां स्कूल शिक्षा विभाग से जुड़े सालों पुराने महत्वपूर्ण दस्तावेज, फाइलें और रिकॉर्ड सुरक्षित रखे गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें धीरे-धीरे फैलती चली गई और कुछ ही देर में धुएं का गुबार आसपास के इलाकों में दिखाई देने लगा। आग इतनी भयावह थी कि करीब एक किलोमीटर दूर से भी धुआं साफ नजर आ रहा था। कार्यालय कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी।

यह भी पढ़ें:- सरकारी कॉलेज बना अखाड़ा, प्रोफेसरों के बीच मारपीट, प्रभारी प्राचार्य की उंगली दांत से काटने का आरोप

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए DEO कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों की बिजली सप्लाई एहतियातन काट दी गई, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कागजों और फाइलों के कारण आग तेजी से फैल रही थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। हालांकि आग की चपेट में आकर बड़ी संख्या में विभागीय दस्तावेज जलकर खाक हो गए।

बताया जा रहा है कि इनमें स्कूलों से संबंधित महत्वपूर्ण रिकॉर्ड, पत्राचार, कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाएं, पुरानी रिपोर्टें और अन्य प्रशासनिक कागजात शामिल हैं। इन दस्तावेजों के नष्ट होने से विभागीय कामकाज पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा। घटना के बाद DEO कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था और दस्तावेजों के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। (Fire in DEO office)

Back to top button
error: Content is protected !!