सरकारी कॉलेज बना अखाड़ा, प्रोफेसरों के बीच मारपीट, प्रभारी प्राचार्य की उंगली दांत से काटने का आरोप

Chandrapur College Controversy: सक्ती जिले के चंद्रपुर शासकीय नवीन महाविद्यालय से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां परीक्षा जैसे अत्यंत गोपनीय कार्य के दौरान शुरू हुआ विवाद अब मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और बाहरी लोगों की एंट्री तक पहुंच गया है, जिससे पूरे शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है। कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य चरणदास बर्मन ने चंद्रपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि हिंदी विषय के अतिथि व्याख्याता डॉ. लक्ष्मी प्रसाद कर्ष और राजनीति शास्त्र के सहायक प्राध्यापक डॉ. ऋषि कुमार चंद्रा ने उनके साथ गाली-गलौज, जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग करते हुए योजनाबद्ध तरीके से हमला किया।
यह भी पढ़ें:- नया खेल खिलाने के बहाने नाबालिग से रेप की कोशिश, पड़ोसी को 5 साल की सजा
प्रभारी प्राचार्य के मुताबिक घटना उस समय हुई जब वे अपने कक्ष में विश्वविद्यालयीन मुख्य परीक्षा 2026 के प्रश्न पत्र निर्माण जैसे गोपनीय कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान कारण बताओ नोटिस के जवाब को लेकर विवाद बढ़ गया। शिकायत में बताया गया है कि विवाद के दौरान डॉ. ऋषि कुमार चंद्रा चोरी-छिपे मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे। विरोध करने पर दोनों आक्रामक हो गए और मारपीट शुरू कर दी। प्राचार्य का आरोप है कि डॉ. ऋषि कुमार चंद्रा ने उनके दाहिने हाथ की उंगली को दो बार दांत से काटा, जिससे गंभीर चोट आई।
![]()
बाहरी लोगों की एंट्री से बिगड़े हालात
इस पूरे घटनाक्रम का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कॉलेज परिसर में प्रभारी प्राचार्य और प्रोफेसरों के बीच तीखी बहस के बाद लात-घूंसे की घटना कैद हो गई है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन इसके बावजूद कॉलेज के बाहर फिर से विवाद की स्थिति बनी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया। बताया जा रहा है कि प्राचार्य के समर्थन में छात्र-छात्राएं प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान बाहरी लोग कॉलेज परिसर में घुस आए और दो प्रोफेसरों के साथ जमकर मारपीट की। लात-घूंसे से हमला किया गया, जिससे कॉलेज परिसर में दहशत फैल गई।
पुराने विवाद से जुड़ रहा मामला
जानकारी के मुताबिक कॉलेज में लंबे समय से गुटबाजी और आपसी खींचतान चल रही है। एक विवाद सुलझा भी नहीं था कि दूसरा मामला सामने आ गया। लगातार हो रही घटनाओं ने कॉलेज प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रभारी प्राचार्य और संबंधित प्रोफेसरों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। इस बीच प्रशासनिक और विभागीय जांच की संभावना जताई जा रही है। (Chandrapur College Controversy)



