रायपुर में 6वीं पास ने की 1.35 करोड़ की ठगी, क्रिप्टो और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 26 लोगों को बनाया शिकार

Fraud in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां महज 6वीं पास युवक ने खुद को शेयर मार्केट और क्रिप्टो करेंसी का एक्सपर्ट बताकर करोड़ों की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। आरोपी ने ज्यादा मुनाफा और मासिक ब्याज का लालच देकर 26 लोगों से कुल 1 करोड़ 35 लाख 14 हजार रुपए की ठगी की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। मामला मोवा-पंडरी थाना क्षेत्र का है। आरोपी की पहचान कुलदीप भतपहरी के रूप में हुई है, जो देवपुरी का रहने वाला है।
यह भी पढ़ें:- अननेचुरल सेक्स और मारपीट से तंग पत्नी ने रची खौफनाक साजिश, 40 हजार की सुपारी देकर पति का सिर कराया कलम
कुलदीप खुद को शेयर मार्केट, IPO, NSE, MSEI और CDSL से जुड़ा निवेश सलाहकार बताता था। वह लोगों को क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का दावा करता था। आरोपी ने निवेश के लिए मासिक के.बी. प्लान नाम से स्कीम चलाई, जिसमें मासिक ब्याज और सुरक्षित निवेश का भरोसा दिलाया जाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शुरुआत में कुछ निवेशकों को समय पर मुनाफा और ब्याज की रकम दी, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ता गया। इसके बाद निवेशकों की संख्या लगातार बढ़ती चली गई और लोगों ने ऑनलाइन और नकद रूप से बड़ी रकम आरोपी को सौंप दी।
पीड़ित की शिकायत से हुआ खुलासा
पंडरी के रहने वाले अमित दास ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया कि साल 2021-22 में उनकी पहचान कुलदीप भतपहरी से हुई थी। आरोपी ने अमित दास और उनके भाई से करीब 15.60 लाख रुपए निवेश के नाम पर ले लिए। दिसंबर 2024 में अचानक आरोपी संपर्क से बाहर हो गया और फरार हो गया। इसके बाद अन्य पीड़ितों को भी ठगी का अहसास हुआ। पीड़ितों की शिकायत के बाद पंडरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के जरिए आरोपी की तलाश की जा रही थी। आखिरकार एसीसीयू और पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल जब्त
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने इसी तरह 26 लोगों को ठगी का शिकार बनाया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 कंप्यूटर सिस्टम, 1 लैपटॉप और 2 मोबाइल जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी कुलदीप भतपहरी पहले भी थाना टिकरापारा क्षेत्र में इसी तरह की ठगी के मामले में जेल जा चुका है। इसके बावजूद उसने दोबारा लोगों को ठगने की साजिश रची। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि ठगी का नेटवर्क और पीड़ितों की संख्या इससे भी ज्यादा हो सकती है। पुलिस अन्य निवेशकों से भी आगे आने की अपील कर रही है। मामले की जांच जारी है। (Fraud in Raipur)



