ED कार्रवाई की चर्चाओं पर भड़के चंद्राकर, बोले- जवाब आमने-सामने मिलेगा
Chhattisgarh Politics : छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कथित कार्रवाई को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर कड़ा ऐतराज जताया है। सोमवार को अपने निवास पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ जानबूझकर अफवाहें फैलाकर माहौल
खराब किया जा रहा है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में 6वीं पास ने की 1.35 करोड़ की ठगी, क्रिप्टो और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 26 लोगों को बनाया शिकार
राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए चंद्राकर ने तीखे शब्दों में कहा—
“युद्ध आमने-सामने होता है। देखते हैं कौन पहले गोली चलाता है। पीठ पीछे या कमर के नीचे वार करना राजनीति नहीं है।
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर बयान
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्राकर ने कहा कि नितिन नबीन की टीम में छत्तीसगढ़ के नेताओं को लाभ मिलेगा, क्योंकि वे राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों और क्षमताओं से भली-भांति परिचित हैं। इससे छत्तीसगढ़ के नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी।
डीएड-बीएड अभ्यर्थियों के प्रदर्शन पर टिप्पणी
डीएड-बीएड अभ्यर्थियों के प्रदर्शन पर चंद्राकर ने कहा कि यह पहली बार देखा जा रहा है कि ऐसे अभ्यर्थी नौकरी की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं। सरकार अपनी नीति के अनुसार विज्ञापन जारी करती है और योग्य उम्मीदवार आवेदन करते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों को योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने की सलाह दी।
‘जी राम जी’ विवाद पर कांग्रेस को जवाब
‘जी राम जी’ को लेकर कांग्रेस की आपत्ति पर चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को किस बात पर आपत्ति है, इस पर बिंदुवार बहस कर ली जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के फालतू आरोपों का जवाब देना जरूरी नहीं है और सवाल उठाया कि कांग्रेस द्वारा बनाए गए कानूनों में सुधार क्यों नहीं किया जा सकता।
मनरेगा और छत्तीसगढ़ नामकरण का जिक्र
मनरेगा का उदाहरण देते हुए चंद्राकर ने कहा कि विधेयक में स्पष्ट था कि राज्य अपने नाम जोड़ सकते हैं। उस समय इसे ‘छत्तीसगढ़ रोजगार गारंटी योजना’ कहा गया था, जिस पर कांग्रेस ने विरोध किया और बाद में महात्मा गांधी का नाम जोड़ा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ से नफरत है। (Chhattisgarh Politics)
महिला कांग्रेस नेता पर तंज
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव गुंजन सिंह के बयान पर चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा—
“वे बेमौसम बरसात की तरह आईं, कुछ भी बोलकर चली गईं।”
उन्होंने निर्भया कांड के नाम पर आए फंड के उपयोग पर भी कांग्रेस से जवाब मांगा।
राज्य बजट पर भरोसा
छत्तीसगढ़ के आम बजट पर चंद्राकर ने कहा कि राज्य का बजट लगातार बढ़ रहा है और 2 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि बजट जनभावनाओं के अनुरूप होगा और छत्तीसगढ़ विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। (Chhattisgarh Politics)



