Google Analytics —— Meta Pixel

डीएसपी कल्पना वर्मा पर ‘लव ट्रैप’ से 2.5 करोड़ की वसूली के आरोप, व्हाट्सएप चैट में खुफिया जानकारी साझा होने का दावा

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस की महिला डीएसपी कल्पना वर्मा (DSP Kalpana Verma) पर कारोबारी दीपक टंडन द्वारा लगाए गए ‘लव ट्रैप’ और करोड़ों रुपये की वसूली के आरोपों से प्रदेश में हलचल मच गई है। मामले की जांच के दौरान डीएसपी (DSP Kalpana Verma) और कारोबारी के बीच हुई व्हाट्सएप चैट सामने आने का दावा किया गया है, जिनमें पुलिस विभाग से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां साझा किए जाने का उल्लेख है।

यह भी पढ़े :- नियुक्ति की मांग को लेकर CAF अभ्यर्थियों का गृहमंत्री आवास पर प्रदर्शन

सूत्रों के अनुसार, इन कथित चैट में माओवाद प्रभावित क्षेत्रों से जुड़ी सूचनाएं भी शामिल हो सकती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर अपराध माना जा सकता है।

कारोबारी दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 से डीएसपी कल्पना वर्मा ने कथित तौर पर ‘लव ट्रैप’ के जरिए उनसे करीब 2.5 करोड़ रुपये की वसूली की। आरोपों में लगभग 2 करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख रुपये की डायमंड रिंग, 5 लाख रुपये के सोने के आभूषण और अन्य महंगे उपहार शामिल बताए गए हैं। टंडन का दावा है कि शिकायत के बावजूद कार और जेवरात अब तक वापस नहीं किए गए हैं।

इसके अलावा डीएसपी के भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने भी करोड़ों रुपये वसूले जाने के आरोप लगाए गए हैं, जिसकी अलग से जांच की मांग की गई है।

वहीं, डीएसपी कल्पना वर्मा (DSP Kalpana Verma) ने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार, झूठा और साजिशपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा है कि वे जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग कर रही हैं और सच्चाई शीघ्र सामने आएगी।

जांच एजेंसी ने मामले की प्रारंभिक जांच पूरी कर ली है। 21 जनवरी 2026 को डीएसपी कल्पना वर्मा और कारोबारी दीपक टंडन की कोर्ट में पेशी प्रस्तावित है, जहां दोनों पक्ष अपने-अपने साक्ष्य और दावे प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद सरकार जांच रिपोर्ट के आधार पर निलंबन, विभागीय कार्रवाई या आपराधिक प्रकरण को लेकर अंतिम निर्णय लेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!