नक्सली आतंक जारी: पूर्व सरपंच की दिनदहाड़े गोली मारकर की हत्या
Naxalites Killed Former Sarpanch : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सली आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। नक्सलियों ने दिनदहाड़े एक पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात पामेड़ थाना क्षेत्र के कावरगट्टा गांव की है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
यह भी पढ़े :- Chhattisgarh : स्कूल परिसर में तंत्र-मंत्र! 20 साल पहले मृत बच्चे की फोटो से सनसनी
मिली जानकारी के अनुसार, नक्सली गांव के खेत में मौजूद लोगों के बीच पहुंचे और पूर्व सरपंच भीमा मड़कम को निशाना बनाकर गोली मार दी। गोली लगते ही भीमा मड़कम की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सली मौके से फरार हो गए। घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि भीमा मड़कम आज ही दंतेवाड़ा के बचेली से अपने गांव लौटा था। इससे पहले भी उस पर नक्सली हमला हो चुका था, लेकिन वह बाल-बाल बच गया था। इस बार नक्सली अपने मंसूबों में सफल हो गए।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने अंदरूनी और दूरस्थ इलाकों में पुलिस की नियमित गश्त कम होने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण नक्सलियों के हौसले बुलंद हैं।
उसूर ब्लॉक में दूसरी हत्या से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि उसूर ब्लॉक के पुजारी इलाके में तीन दिन पहले भी एक हत्या की घटना सामने आई थी, जिसकी जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि अब दूसरी हत्या ने इलाके में भय और असुरक्षा की भावना को और बढ़ा दिया है। (Naxalites Killed Former Sarpanch)
लगातार हो रही इन नक्सली घटनाओं से ग्रामीणों में गहरा डर व्याप्त है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। (Naxalites Killed Former Sarpanch)



