Google Analytics —— Meta Pixel

दिल्ली में भाजपा की रात्रि बैठक, बृजमोहन अग्रवाल के आवास पर जुटे शीर्ष नेता, कांग्रेस ने साधा निशाना

Dinner at Brijmohan House: 19 जनवरी की रात दिल्ली में रायपुर सांसद और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के सरकारी आवास पर भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं की रात्रि मुलाकात और भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ भाजपा के सत्ता और संगठन से जुड़े कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस रात्रि भोज में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी CM विजय शर्मा और अरुण साव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, मंत्री केदार कश्यप, दयाल दास बघेल, गजेंद्र यादव समेत कई मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद थे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

यह भी पढ़ें:- नक्सली आतंक जारी: पूर्व सरपंच की दिनदहाड़े गोली मारकर की हत्या

प्रदेश भाजपा के नेता नितिन नबीन के भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की प्रक्रिया को लेकर दिल्ली पहुंचे थे। इसी दौरान यह रात्रि मुलाकात हुई, जिसे संगठनात्मक समन्वय और आपसी संवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि विभिन्न मुद्दों पर अपनी ही सरकार को घेरने वाले बृजमोहन अग्रवाल की इस रात्रि बैठक को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं भी तेज हो गई है। हाल ही में जम्बूरी विवाद को लेकर बृजमोहन अग्रवाल खुलकर सामने आए थे, जो रात्रिभोज में स्कूल शिक्षा विभाग के मंत्री गजेंद्र यादव को गुलाब देते हुए भी नजर आए। (Dinner at Brijmohan House)

  

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया में शामिल होने पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारियों का रात्रि भोज के माध्यम से स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि यह अवसर संगठनात्मक एकता, समन्वय और जनसेवा के संकल्प को और सशक्त करने वाला रहा। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ निरंतर सेवा, सुशासन और विकास के लिए समर्पित है। इस मुलाकात पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने तंज कसते हुए कहा कि हाल ही में बृजमोहन अग्रवाल ने जम्बूरी का मुद्दा उठाया था और अब वे नेताओं को रात्रि भोज दे रहे हैं। (Dinner at Brijmohan House)

बैज ने कहा कि ये डिनर भी उनकी किसी अगली रणनीति का हिस्सा होगा। नई चाल चलन की प्लानिंग होगी। इस पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल वरिष्ठ नेता हैं और अगर वे नेताओं को रात्रि भोज पर बुलाते हैं तो इसमें दिक्कत क्या है ? क्या कांग्रेस के नेता रात्रि भोज नहीं करते ? क्या वो खाना नहीं खाते, पानी नहीं पीते ? वो तो 3200 करोड़ की शराब पी गए। एक ओर भाजपा इसे सामान्य संगठनात्मक बैठक बता रही है तो वहीं कांग्रेस इसे सियासी रणनीति करार दे रही है। ऐसे में दिल्ली की यह रात्रि मुलाकात छत्तीसगढ़ की राजनीति में चर्चाओं का विषय बनी हुई है। (Dinner at Brijmohan House)

Back to top button
error: Content is protected !!