Google Analytics —— Meta Pixel

राजनांदगांव में धर्मांतरण नेटवर्क का बड़ा खुलासा, पनिका बाकल तक फैली जांच की आंच

Rajnandgaon Conversion Network: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में धर्मांतरण से जुड़े एक संगठित नेटवर्क का बड़ा खुलासा होने के बाद पुलिस की जांच लगातार तेज होती जा रही है। जिला मुख्यालय से करीब 9 किलोमीटर दूर धर्मापुर ग्राम पंचायत में सामने आए मामले के बाद अब शहर से सटे पनिका बाकल गांव में भी इसी तरह की गतिविधियों के संकेत मिलने से हड़कंप मच गया है। इस पूरे मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की मांग की है। संगठनों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो यह नेटवर्क आसपास के अन्य गांवों तक भी फैल सकता है।

यह भी पढ़ें:- बीमा क्लेम खारिज करना पड़ा भारी, मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी पर 1 करोड़ का हर्जाना

हिंदू संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जिस तरह धर्मापुर में संगठित तरीके से धर्मांतरण कराया जा रहा था, उसी तर्ज पर पनिका बाकल गांव में भी गतिविधियां संचालित की जा रही थी। संगठनों के मुताबिक गांव में रूबी डॉन नाम की महिला ने करोड़ों रुपए की लागत से एक बड़ा भवन निर्मित कराया था, जहां गरीब और मजबूर हिंदुओं को लालच और प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराया जा रहा था। हालांकि धर्मापुर में पुलिस की कार्रवाई के बाद फिलहाल पनिका बाकल में ये गतिविधियां बंद बताई जा रही हैं, लेकिन संगठनों ने पूरे मामले की जांच की मांग की है। (Rajnandgaon Conversion Network)

धर्मापुर आश्रम से नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू

पुलिस जांच में सामने आया है कि धर्मापुर में संचालित एक आश्रम में नाबालिग बच्चों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। यह आश्रम डेविड चाको द्वारा संचालित किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आश्रम के माध्यम से करीब 200 घरों में धर्मांतरण की तैयारी की जा रही थी और अलग-अलग इलाकों में बड़ी संख्या में चर्च खोलने की योजना थी। मामला लालबाग थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने डेविड चाको को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। (Rajnandgaon Conversion Network)

विदेशी फंडिंग और संगठित नेटवर्क के संकेत

शुरुआती जांच में पुलिस को विदेशी फंडिंग, संदिग्ध प्रशिक्षण मॉड्यूल और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं के एक संगठित नेटवर्क के संकेत मिले हैं। जांच में यह भी पता चला है कि मुख्य आरोपी डेविड चाको अमेरिका में पढ़ाने का काम करता था और भारत लौटने के बाद उसे बड़ी रकम मिली थी। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह पैसा किस माध्यम से भारत आया, किन बैंक खातों में जमा हुआ और डॉलर को रुपए में कैसे बदला गया। आशंका है कि इसी फंडिंग का उपयोग स्थानीय स्तर पर धर्मांतरण गतिविधियों में किया गया।

प्रशिक्षण शिविर और ‘पॉल’ कोड नेम का खुलासा

जांच में सामने आया है कि दिसंबर 2025 में पनेका गांव में चार दिन का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें राज्य के अन्य जिलों से भी उच्च पदस्थ पदाधिकारी शामिल हुए थे। जमीनी स्तर पर काम करने वाले लोगों को ‘पॉल’ जैसे कोड नेम दिए गए थे और भुगतान के लिए ट्रैवल वाउचर का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भुगतान ऑनलाइन होता था या नकद और फंडिंग का वास्तविक स्रोत क्या था। (Rajnandgaon Conversion Network)

प्रोजेक्टर से ब्रेनवॉश, भारी डिजिटल सबूत जब्त

पुलिस छापेमारी के दौरान आश्रम से सोलर आधारित प्रोजेक्टर जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत हजारों डॉलर बताई जा रही है। इनका उपयोग उन इलाकों में किया जाता था, जहां बिजली की सुविधा नहीं है। इसके अलावा पुलिस ने लैपटॉप, टैबलेट, आई-पैड, प्रीमियम मोबाइल फोन, डिजिटल प्रेजेंटेशन, रजिस्टर और फाइनेंशियल रिकॉर्ड समेत भारी मात्रा में डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक डिजिटल प्रेजेंटेशन के जरिए लोगों का मानसिक रूप से ब्रेनवॉश किया जाता था।

कौन है डेविड चाको ?

जांच में सामने आया है कि डेविड चाको मूल रूप से केरल के एर्नाकुलम जिले का रहने वाला है और बीते कई सालों से राजनांदगांव में रहकर अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा था। वह 6 महीने भारत और 6 महीने अमेरिका में रहता था, जिससे उसके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस को डेविड चाको की कई तस्वीरें मिली हैं, जिनमें वह प्रार्थना सभाओं में पास्टर की भूमिका में नजर आता है और तालाबों समेत जलस्रोतों में बपतिस्मा कराते हुए दिखाई देता है। (Rajnandgaon Conversion Network)

सिर्फ प्रचारक नहीं, पूरे नेटवर्क का ऑपरेटर

पुलिस के मुताबिक डेविड चाको के धमतरी और दुर्ग जिले में भी पहले विवाद सामने आ चुके हैं। अब मिले डिजिटल दस्तावेजों, नेटवर्किंग मॉडल और फाइनेंशियल रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस उसे सिर्फ प्रचारक नहीं, बल्कि पूरे धर्मांतरण नेटवर्क का मुख्य ऑपरेटर मान रही है। पुलिस ने संस्था के मुख्य कार्यालय और काम करने के तरीके की पहचान कर ली है। अब इस नेटवर्क से जुड़े जोनल कमांडर, जोनल लीडर और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण मॉड्यूल, ट्रैवल वाउचर और फंडिंग के तरीकों की जांच की जा रही है। कई विषय संदिग्ध पाए गए हैं और तथ्यों के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
error: Content is protected !!