Google Analytics —— Meta Pixel

PDS अनियमितता: जगतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान निलंबित

PDS shop suspended : रायगढ़ जिले के जगतपुर वार्ड क्रमांक-04 स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में पाई गई गंभीर अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2016 के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए संबंधित उचित मूल्य दुकान को तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से निलंबित ( PDS shop suspended) कर दिया गया है।

यह भी पढ़े :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक, 4 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी

खाद्य अधिकारी रायगढ़ के अनुसार, जगतपुर वार्ड-04 स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान (आईडी क्रमांक 411001089) की जांच के दौरान हितग्राहियों को वितरित किए गए खाद्यान्न में भारी मात्रा में स्टॉक की कमी पाई गई। इसके अलावा खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया में नियमों के उल्लंघन के स्पष्ट प्रमाण भी सामने आए। इस संबंध में संचालन एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

नोटिस जारी होने के बावजूद लगभग एक माह से अधिक समय बीत जाने पर भी अध्यक्ष, सचिव एवं विक्रेता की ओर से कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। संचालन एजेंसी समलेश्वरी महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित, नया गंज इतवारी बाजार, रायगढ़ द्वारा उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए दुकान को निलंबित करने का निर्णय लिया।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि निलंबन के कारण राशन कार्डधारी हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। अब संबंधित दुकान से जुड़े सभी कार्डधारियों को समीपस्थ शासकीय उचित मूल्य दुकान (आईडी क्रमांक 412001001), संचालन एजेंसी प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार मर्यादित, अमलीभौना से खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा। ( PDS shop suspended)

Back to top button
error: Content is protected !!