बलरामपुर बस हादसे में बड़ा खुलासा, स्कूल का हेडमास्टर चला रहा था बस, फिटनेस टेस्ट के दिन ही दौड़ा दी स्कूल बस

Balrampur Bus Accident News: बलरामपुर से सटे झारखंड के ओर्सा पाठ में 18 जनवरी को हुए बस हादसे ने स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग की गंभीर लापरवाही उजागर कर दी है। जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त हुई स्कूली बस बलरामपुर के ज्ञान गंगा पब्लिक हाई स्कूल की थी। हैरानी की बात यह है कि बस खुद स्कूल का हेडमास्टर विकास कुमार पाठक चला रहा था, जो हादसे के समय गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज रांची के एक निजी अस्पताल में जारी है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ को मिलेगा फिल्म निर्माण का नया केंद्र, सीएम साय ने किया चित्रोत्पला फिल्म सिटी का भूमिपूजन
घटना की पड़ताल में यह तथ्य भी सामने आया कि दुर्घटना वाली बस का फिटनेस टेस्ट 18 जनवरी को ही होना था, जिसकी सूचना शिक्षा विभाग ने पहले ही जारी कर दी थी। इसके बावजूद हेडमास्टर विकास पाठक ने सरकारी आदेश की अवहेलना करते हुए स्कूल की प्रिंसिपल को कोई जानकारी दिए बिना बस को बुकिंग में ले लिया। स्कूल बस को झारखंड राज्य में चलाने की अनुमति नहीं थी। इसके बाद भी हेडमास्टर ने 41 सीटर बस में 70 से 80 ग्रामीणों को बैठाकर जिले के अलग-अलग पुलिस थानों के सामने से ओर्सा पाठ की ओर रवाना किया। इस बीच बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 10 ग्रामीणों की मौत हो गई, जिसमें 6 मृतक पिपरसोत गांव के रहने वाले थे। (Balrampur Bus Accident News)
स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग
हादसे के तुरंत बाद झारखंड के महुआ डांड़ पुलिस ने विकास पाठक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस घटना ने प्रशासनिक और कानूनी सवाल भी खड़े कर दिए हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं ग्रामीणों ने स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग की है। साथ ही उन पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की है, जिनके सामने से बस ओवरलोड होकर गुजर रही थी, लेकिन उन्होंने इसे रोकने में कोई कदम नहीं उठाया।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रकार की लापरवाही न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि ग्रामीणों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बनती है। इस मामले में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से जांच पूरी होने के बाद कड़ी कार्रवाई की संभावना है। ओर्सा पाठ हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि असली सवाल जिम्मेदारी और लापरवाही का है। स्कूल प्रबंधन और हेडमास्टर की अनदेखी ने 10 ग्रामीणों की जान ले ली। क्या शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन ऐसे गंभीर उल्लंघनों पर कठोर कार्रवाई करेंगे, यही अब सबकी नजरों में है। (Balrampur Bus Accident News)



