Google Analytics —— Meta Pixel

गणतंत्र दिवस से पहले तिरंगा विवाद, छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के आदेश पर मौलानाओं की आपत्ति, देशभर में छिड़ी बहस

Controversy over Tiranga: देश 2 दिन बाद 26 जनवरी को अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गर्व के साथ मनाने जा रहा है। राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल चल रही है, वहीं स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में भी राष्ट्रीय पर्व की तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन इसी बीच छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के एक आदेश ने सियासी और सामाजिक गलियारों में नई बहस को जन्म दे दिया है। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर वक्फ के दायरे में आने वाली सभी मस्जिदों, दरगाहों और इमामबाड़ों में तिरंगा झंडा फहराया जाए। बोर्ड के इस फैसले को लेकर जहां कई वर्गों ने इसे देशभक्ति से जुड़ा कदम बताया है, वहीं कुछ मौलानाओं ने इसका विरोध शुरू कर दिया है।

यह भी पढ़ें:- बलरामपुर बस हादसे में बड़ा खुलासा, स्कूल का हेडमास्टर चला रहा था बस, फिटनेस टेस्ट के दिन ही दौड़ा दी स्कूल बस

ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने इस आदेश पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मस्जिदें इबादत की जगह हैं, न कि देशभक्ति दिखाने का मंच। उन्होंने इसे पब्लिसिटी स्टंट करार दिया है। मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि मस्जिद हमारी इबादतगाह है। ये लोग टीवी पर आने के लिए ऐसे शिगूफे छोड़ते हैं। संविधान में कहीं नहीं लिखा कि मस्जिद पर तिरंगा फहराना अनिवार्य है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बहस तेज हो गई है। सवाल उठने लगे हैं कि क्या कुछ धार्मिक नेता मजहब को देश से ऊपर रख रहे हैं ? सिर्फ मौलाना साजिद रशीदी ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में मुस्लिम समाज के लोगों की राय भी सामने आई है।

समर्थन में उतरे मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी

मुस्लिम समाज के लोगों ने कहा कि तिरंगा हमारी शान है, लेकिन इसे जबरदस्ती नहीं किया जाना चाहिए। मुसलमानों को देशभक्ति का सर्टिफिकेट देने की जरूरत नहीं है। अनिवार्य करना गलत है, देश से प्यार हम खुद करते हैं। वहीं ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के फैसले का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज का फैसला स्वागत योग्य है। तिरंगा हमारी आन-बान-शान है। मैं देशभर के वक्फ बोर्डों से अपील करता हूं कि वे भी ऐसा आदेश जारी करें। यह देशहित का काम है। उन्होंने उत्तर प्रदेश वक्फ बोर्ड पर भी कट्टर सोच का आरोप लगाते हुए कहा कि वहां देशहित में ऐसे फैसले लेने से बचा जाता है। (Controversy over Tiranga)

हिंदू संगठनों ने भी दिया साथ

छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के इस फैसले पर हिंदू संगठनों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश प्रवक्ता ऋषि मिश्रा ने कहा कि तिरंगा किसी एक धर्म का नहीं, बल्कि पूरे देश का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत का तिरंगा हम सभी की पहचान है। राष्ट्र सर्वोपरि है, उसके बाद धर्म आता है। वक्फ बोर्ड का फैसला स्वागत योग्य है। हिंदू संगठनों ने कहा कि तिरंगा किसी धर्म विशेष का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की पहचान है। अगर नियम और संविधान के दायरे में यह फैसला लिया गया है तो इसका स्वागत किया जाना चाहिए। हिंदू संगठनों ने कहा कि कई मौलवी इस निर्णय का विरोध कर रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। यह पहला मौका नहीं है जब मौलाना साजिद रशीदी अपने बयानों को लेकर विवादों में आए हों। इससे पहले भी वे राम मंदिर, सनातन धर्म और बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार जैसे मुद्दों पर विवादित बयान दे चुके हैं। (Controversy over Tiranga)

गणतंत्र दिवस से पहले बड़ा सवाल

देश जब एकजुट होकर गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारी कर रहा है, तब यह विवाद कई सवाल खड़े करता है। क्या धार्मिक स्थलों पर तिरंगा फहराना देशभक्ति के खिलाफ है? क्या राष्ट्रध्वज किसी धर्म विशेष से जुड़ा है? और क्या देशहित के मुद्दों पर धर्म को दीवार बनाना सही है ? फिलहाल 26 जनवरी से पहले यह बहस और तेज होने के आसार हैं, लेकिन इतना तय है कि तिरंगा आज भी करोड़ों भारतीयों की आन-बान-शान बना हुआ है। तिरंगा किसी धर्म, जाति या समुदाय का नहीं, बल्कि उस भारत की पहचान है, जिसमें हर मजहब, हर वर्ग और हर नागरिक को बराबरी का हक मिला है। गणतंत्र दिवस के मौके पर तिरंगा उन सभी आवाजों को जवाब देगा, जो नफरत और बंटवारे की राजनीति करना चाहती हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!