Google Analytics —— Meta Pixel

गणतंत्र दिवस पर भी नहीं लहराया तिरंगा, अबूझमाड़ में आज भी डर के साए में देशभक्ति 

Abujhmad Republic Day 2026: आज पूरा देश गणतंत्र दिवस के जश्न में डूबा है। राजधानी से लेकर गांवों की गलियों तक तिरंगे लहराए, राष्ट्रगान गूंजा और संविधान के प्रति आस्था का उत्सव मनाया गया, लेकिन इसी देश के नक्शे पर एक इलाका ऐसा भी है, जहां आजादी के सात दशक बाद भी गणतंत्र दिवस सिर्फ एक तारीख बनकर रह गया। हम बात कर रहे हैं छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ क्षेत्र के बिनागुंडा गांव की, जहां आज भी तिरंगा फहराना जानलेवा साबित हो सकता है। बिनागुंडा गांव कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर बसा है। आज जब देश संविधान और लोकतंत्र का पर्व मना रहा था, यहां न कोई मंच सजा, न राष्ट्रगान गूंजा और न ही स्कूल परिसर में तिरंगा फहराया गया।

यह भी पढ़ें:- कोरबा में नगर सैनिक ने कलेक्ट्रेट में खाया जहर, अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप

अबूझमाड़ का यह इलाका दशकों से नक्सल हिंसा की चपेट में रहा है। लंबे समय तक यहां सरकार नहीं, बल्कि नक्सलियों की समानांतर सरकार चलती रही। जनअदालतें लगती थी, फैसले सुनाए जाते थे और सजा मौत तक दी जाती थी। गणतंत्र दिवस के दिन जब मीडियाकर्मी बिनागुंडा गांव पहुंचे तो गांव में छोटे-छोटे बच्चे खेलते हुए जरूर दिखे, लेकिन स्कूल परिसर में न तिरंगा था, न कोई उत्सव। गांव में जमीन पर मिठाइयों और कागजों के अवशेष जरूर मिले। ग्रामीणों से पूछने पर पता चला कि इस बार भी ध्वजारोहण नहीं हुआ। हालांकि मिठाइयां जरूर बांट दी गई। यह दृश्य इस सच्चाई की गवाही देता है कि आज भी इस इलाके में नक्सलियों का खौफ किस हद तक कायम है। (Abujhmad Republic Day 2026)

पिछले साल तिरंगा फहराना पड़ा जान पर भारी

बिनागुंडा गांव के डर की जड़ें एक साल पुरानी उस घटना में छिपी हैं, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। 15 अगस्त 2025 को आजादी के सात दशक बाद पहली बार गांव के स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षादूत मनेश नुरुटी ने राष्ट्रप्रेम की भावना से तिरंगा फहराया, लेकिन उनकी यह देशभक्ति जानलेवा साबित हुई। अगले ही दिन नक्सली गांव में दाखिल हुए। जनअदालत लगाई गई और मनेश नुरुटी की हत्या कर दी गई। उनका अपराध सिर्फ इतना था कि उन्होंने स्कूल में तिरंगा फहराया था। इस घटना के बाद से गांव में आज तक कोई तिरंगा फहराने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। (Abujhmad Republic Day 2026)

कुपोषण, बदहाली और विकास से दूरी

गांव में खेलते दिखे बच्चों की हालत कई सवाल खड़े करती है। कई बच्चों के पेट फूले हुए मिले, जो पहली नजर में ही कुपोषण की ओर इशारा करते हैं। यह इलाका आज भी सड़क, स्वास्थ्य सुविधा, नियमित शिक्षा और पोषण जैसी बुनियादी जरूरतों से वंचित है। ग्रामीणों का कहना है कि अब सुरक्षाबल दिखाई देने लगे हैं, लेकिन विकास अब भी दूर की कौड़ी है। बता दें कि इसी इलाके में अप्रैल 2024 में सुरक्षाबलों ने 29 नक्सलियों को ढेर किया था। इसे देश का अब तक का सबसे बड़ा नक्सली एनकाउंटर माना गया। इस मुठभेड़ में DVCM रैंक के कई हार्डकोर नक्सली मारे गए थे। इस कार्रवाई से नक्सलियों की कमर जरूर टूटी, लेकिन गांवों में उनका डर अब भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

बंदूक नहीं, भरोसा चाहिए…!

अबूझमाड़ में हालात धीरे-धीरे बदल जरूर रहे हैं। सुरक्षाबलों की लगातार तैनाती से नक्सल गतिविधियां सीमित हुई हैं। सरकार की मौजूदगी पहले से ज्यादा महसूस होने लगी है, लेकिन सवाल यही है कि क्या सिर्फ बंदूक से डर खत्म होगा ? या फिर सड़क, स्कूल, अस्पताल और भरोसे से ? बिनागुंडा के ग्रामीण चाहते हैं कि पक्की सड़क, नियमित स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं, बच्चों के लिए पोषण और सबसे अहम सुरक्षा का भरोसा, ताकि आने वाली पीढ़ी डर में नहीं, तिरंगे की छांव में बड़ी हो। जब देश संविधान और लोकतंत्र की बात करता है, तब अबूझमाड़ का बिनागुंडा आज भी उस दिन का इंतजार कर रहा है, जब यहां तिरंगा बिना डर के फहराया जा सकेगा, क्योंकि यहां आज भी राष्ट्रप्रेम एक साहसिक कदम है और कभी-कभी जानलेवा भी। अबूझमाड़ का बिनागुंडा आज भी इंतजार में है उस दिन का, जब तिरंगा यहां डर के बिना लहराएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!