महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का निधन, प्लेन क्रैश में गई जान, विमान में सवार सभी 5 लोगों की मौत

Ajit Pawar Passed Away: महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का एक विमान हादसे में निधन हो गया है। 66 साल के पवार अपने गृहक्षेत्र बारामती में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे थे। इस हादसे में उनके निजी स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों समेत कुल 5 लोगों की जान चली गई है। जानकारी के मुताबिक अजित पवार आज सुबह मुंबई से एक चार्टर्ड प्लेन के जरिए बारामती के लिए रवाना हुए थे। सुबह करीब 8:45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान अनियंत्रित होकर रनवे से फिसल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रनवे से फिसलने के बाद विमान में भीषण आग लग गई, जिससे सवार लोगों को बचने का मौका नहीं मिला।
यह भी पढ़ें:- 5 साल के अफेयर का खूनी अंत, शादी से मना करने पर शादीशुदा प्रेमिका की पत्थर से कुचलाकर हत्या
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने आधिकारिक तौर पर हादसे में 5 मौतों की पुष्टि की है। इससे पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में 6 लोगों के मारे जाने की बात कही जा रही थी। विमान में अजित पवार के साथ उनके पर्सनल असिस्टेंट, सुरक्षाकर्मी (PSO), पायलट और क्रू स्टाफ मौजूद थे। अजित पवार महाराष्ट्र में आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर काफी सक्रिय थे। आज बारामती में उनकी 4 सभाएं होने वाली थी। अपने राजनीतिक गढ़ में समर्थकों के बीच पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया। (Ajit Pawar Passed Away)

हादसे की खबर मिलते ही अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार, सांसद सुप्रिया सुले समेत पवार परिवार के सभी सदस्य तत्काल बारामती के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं NCP संस्थापक शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले भी तुरंत बारामती के लिए रवाना हो गए हैं। दोनों दिल्ली में थे। परिवार के अन्य सदस्य मुंबई आवास से बारामती पहुंच रहे हैं। घटना के बाद पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और बारामती में समर्थकों की भारी भीड़ जुटना शुरू हो गई है। हादसे की खबर सुनते ही युगेंद्र पवार खुद को संभाल नहीं पाए और रो पड़े। युगेंद्र ने हाल ही में विधानसभा चुनाव में अजित पवार के खिलाफ चुनाव लड़ा था। वे अजित पवार के भतीजे हैं।
DGCA ने साझा की विमान की जानकारी
- तारीख: 28 जनवरी 2026
- ऑपरेटर: VSR
- एयरक्राफ्ट टाइप: लियरजेट 45
- लोकेशन: बारामती एयरपोर्ट, महाराष्ट्र
- कुल सवार: 5 लोग (2 क्रू मेंबर समेत)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। केंद्र सरकार ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। जानकारी के मुताबिक हादसे से ठीक एक दिन पहले यानी मंगलवार को अजित पवार मुंबई में थे। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में आयोजित महाराष्ट्र कैबिनेट कमेटी ऑन इंफ्रास्ट्रक्चर की बैठक में हिस्सा लिया था। इस बैठक में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि प्लेन के क्रैश होते ही उसमें भीषण आग लग गई, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरा विमान जलकर खाक हो गया। आग इतनी भीषण थी कि राहत और बचाव दल के पहुंचने से पहले ही विमान पूरी तरह जल चुका था। आग बुझाने के बाद रनवे के पास विमान के जले हुए टुकड़े बिखरे पड़े दिखाई दिए।



