दंतेवाड़ा में जादू-टोना को लेकर खूनी विवाद, लकड़ी से हमला कर बुजुर्ग की हत्या
Murder in Dantewada: दंतेवाड़ा जिले के भांसी थाना क्षेत्र से हत्या का मामला सामने आया है, जहां जादू-टोना के शक को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग ने दूसरे बुजुर्ग की लकड़ी से हमला कर हत्या कर दी। हालांकि पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक मृतक मुरहा अतरा (66) और आरोपी भीमा अतरा (66) दोनों मांझीपारा गांव के रहने वाले थे। घटना 27 जनवरी की शाम 6 बजे की है। बताया जा रहा है कि जादू-टोना को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई।
यह भी पढ़ें:- बीजापुर मुठभेड़ में दो कुख्यात नक्सली ढेर, ईलमिड़ी क्षेत्र और पखांजूर में भी बड़ी साजिश नाकाम
आरोपी भीमा अतरा ने गुस्से में आकर पास की बाड़ी से लकड़ी उठाई और मुरहा अतरा के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मुरहा अतरा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मृतक के परिजन अनिल अतरा ने भांसी पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने 29 जनवरी को मसेनार गांव में दबिश देकर आरोपी भीमा अतरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

बेमेतरा में गुमशुदा युवक की हत्या
वहीं बेमेतरा जिले के बेरला थाना क्षेत्र में गुमशुदा युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान प्रवीण उर्फ प्रीत द्विवेदी (24 साल) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक प्रवीण 25 जनवरी की रात घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने 27 जनवरी को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बेरला थाने में दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि 25 जनवरी की रात मृतक अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था।
पुलिस ने मृतक को दोस्तों को किया गिरफ्तार
इसी दौरान उसने अश्लील गाली-गलौज की, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी ढालेंद्र उर्फ संजू सारंगवंशी (25 साल) और वैभव सोनी (19 साल) अपने साथ प्रवीण द्विवेदी को खरगा तालाब ले गए। तालाब के पास मारपीट के दौरान ढालेंद्र ने प्रवीण की गर्दन पकड़कर उसका सिर पानी में दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को तालाब में पत्थर से दबाकर छिपा दिया। पुलिस ने जांच के बाद तालाब से शव बरामद किया। साथ ही दोनों आरोपियों ढालेंद्र उर्फ संजू और वैभव सोनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। मामले की जांच जारी है। (Murder in Dantewada)




