Google Analytics —— Meta Pixel

नशे में स्कूल पहुंचे शिक्षक, बंदूक लहराने से मचा हड़कंप, प्रधान पाठक पर बड़ी कार्रवाई

Action Against Alcoholic Teachers: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत एक सरकारी स्कूल में शिक्षक के नशे की हालत में बंदूक लेकर पहुंचने का मामला सामने आया है। घटना ने न सिर्फ स्कूल प्रशासन बल्कि पूरे शिक्षा विभाग को हिला कर रख दिया। जांच में सामने आया कि 21 नवंबर 2024 को शासकीय प्राथमिक पाठशाला मुस्लमानपारा में पदस्थ प्रधान पाठक सुशील कुमार कौशिक नशे की हालत में बंदूक लेकर शासकीय हाई स्कूल बरबसपुर पहुंचे थे। घटना के समय विद्यालय में मौजूद संकुल प्राचार्य और अन्य शिक्षकों ने इसकी पुष्टि की। विद्यालय परिसर में बंदूक लेकर आने से बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया।

यह भी पढ़ें:- दंतेवाड़ा में जादू-टोना को लेकर खूनी विवाद, लकड़ी से हमला कर बुजुर्ग की हत्या

इतना ही नहीं, जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि प्रधान पाठक द्वारा पूर्व में भी अवकाश के दौरान नशे की हालत में विद्यालय आने और बंदूक के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने जैसी घटनाएं हुई थी। प्रतापपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी की ओर से प्रस्तुत विभागीय जांच प्रतिवेदन में सभी आरोप पूरी तरह प्रमाणित पाए गए। घटना में प्रयुक्त बंदूक को पुलिस ने जब्त कर प्रतापपुर थाना में सुरक्षित रखा है। खुद आरोपी शिक्षक के घटना स्वीकार किए जाने के बाद आरोपों की पुष्टि हुई। जांच में यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के प्रतिकूल और गंभीर कदाचार की श्रेणी में पाया गया।

क्या हुई कार्रवाई

सभी आरोप सिद्ध होने के बाद शिक्षा विभाग ने प्रधान पाठक सुशील कुमार कौशिक पर दीर्घ शास्ति के तहत तीन वार्षिक वेतनवृद्धि संचयी प्रभाव से रोकी। निलंबन से बहाल कर शासकीय प्राथमिक विद्यालय गरजापारा, टमकी (विकासखंड ओड़गी) में पदस्थ किया। निलंबन अवधि को जीवन निर्वाह भत्ता तक सीमित रखने के आदेश दिए। वहीं सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड में विद्यालयीन अनुशासन को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षक स्कूल समय के दौरान शराब के नशे में पाया गया। (Action Against Alcoholic Teachers)

कैसे सामने आया मामला

23 जनवरी 2026 को गुमगराखुर्द ग्राम पंचायत के सरपंच ने संकुल समन्वयक को एक वीडियो भेजा, जिसमें एक शिक्षक विद्यालय समय में नशे की हालत में नजर आ रहे थे। जांच के बाद शिक्षक की पहचान बुद्धेश्वर प्रसाद मानिकपुरी, सहायक शिक्षक, एल.बी. प्राथमिक शाला गुमगराखुर्द (लखनपुर) के रूप में हुई। संकुल समन्वयक ने पुष्टि की कि संबंधित शिक्षक ने वास्तव में शराब का सेवन किया था। बता दें कि उसी दिन स्कूल में सरस्वती पूजा का आयोजन भी किया गया था, जिससे घटना को और ज्यादा आपत्तिजनक माना गया। (Action Against Alcoholic Teachers)

जांच और नियमों का उल्लंघन

विकासखंड शिक्षा अधिकारी लखनपुर की ओर से प्रस्तुत प्रतिवेदन और दो वीडियो क्लिप के आधार पर यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 एवं नियम-23 और गंभीर कदाचार की श्रेणी में पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा जिला शिक्षा अधिकारी ने बुद्धेश्वर प्रसाद मानिकपुरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बतौली नियत किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि स्कूलों में अनुशासन, विद्यार्थियों की सुरक्षा और शासकीय सेवकों की आचार संहिता से कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!