अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन 2026 की शुरुआत, CM विष्णुदेव साय ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को किया रवाना

Abujhmar Peace Half Marathon: कभी देश के सबसे दुर्गम और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में गिने जाने वाला अबूझमाड़ आज शांति, विश्वास और विकास की नई राह पर अग्रसर है। दशकों तक नक्सली हिंसा और भय के साये में रहे इस क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए राज्य सरकार की ओर से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों का सशक्त प्रतीक बनकर अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन 2026 सामने आई है। नारायणपुर से बासिंग तक आयोजित 21 किलोमीटर की यह हाफ मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि शांति, एकता और सौहार्द का संदेश देने वाला अभियान है। इस आयोजन के माध्यम से उन क्षेत्रों तक सकारात्मक संदेश पहुंच रहा है, जो लंबे समय तक विकास और सरकारी योजनाओं से वंचित रहे।
यह भी पढ़ें:- Budget 2026: 9वीं बार बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण
अबूझमाड़िया जनजाति समेत स्थानीय समुदाय की भागीदारी इस आयोजन को विशेष रूप से प्रभावी बना रही है। 31 जनवरी की सुबह यानी आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के पांचवें संस्करण को हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। कार्यक्रम की शुरुआत जुंबा गतिविधि से शुरू हुई, जिसके बाद सुबह 6.30 बजे मुख्यमंत्री ने मैराथन को फ्लैग-ऑफ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री साय ने रामकृष्ण आश्रम पहुंचकर आश्रम के बच्चों के साथ नाश्ता किया। मुख्यमंत्री की उपस्थिति से यह संदेश और सशक्त हुआ कि राज्य सरकार अबूझमाड़ के सर्वांगीण विकास और शांति स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है।

अबूझमाड़ पीस मैराथन 2026 को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सहभागिता मिली है। इस आयोजन में 6500 से ज्यादा धावकों ने पंजीयन कराया है, जिनमें 100 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय धावक, अन्य राज्यों से 500 से ज्यादा, छत्तीसगढ़ राज्य से लगभग 6000 और नारायणपुर जिले से 4000 से ज्यादा धावक शामिल हैं। इसके साथ ही क्वाड रन में 12 धावकों ने भी भागीदारी की है। यह मैराथन न केवल युवाओं को खेल और फिटनेस से जोड़ रही है, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में शांति के साथ विकास के नए युग की शुरुआत का प्रतीक बन रही है। (Abujhmar Peace Half Marathon)




