प्रेम संबंध में विश्वासघात: शारीरिक संबंध के दौरान युवक की हत्या, बेड के नीचे छिपे दूसरे प्रेमी ने रस्सी से दबाया गला, महिला ने पकड़े हाथ
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। प्रेम संबंध के चलते रची गई इस साजिश में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक की प्रेमिका और उसके दूसरे प्रेमी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया है।
यह भी पढ़े :- अमेरिका ने भारत पर टैरिफ घटाया, अब 18 प्रतिशत शुल्क लागू
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला के दो प्रेम संबंध थे। पहले प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए उसने अपने दूसरे प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत महिला ने अपने पुराने प्रेमी संजीव उर्फ जीवन (30 वर्ष), निवासी हरिनगर, थाना पुरकाजी, को घर बुलाया।
आरोप है कि जब दोनों के बीच शारीरिक संबंध बन रहे थे, तभी पहले से बेड के नीचे छिपा महिला का दूसरा प्रेमी सादिक बाहर आया और रस्सी का फंदा मृतक के गले में डाल दिया। इसी दौरान महिला ने मृतक के हाथ पकड़ लिए, जिससे वह बच नहीं सका। दम घुटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए सरवट फाटक के पास नाले में फेंक दिया। यह घटना 1 फरवरी 2026 (रविवार) की बताई जा रही है। अगले दिन नाले में अज्ञात शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बाद में शव की पहचान संजीव उर्फ जीवन के रूप में हुई।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना नई मंडी में हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार विशेष टीमों का गठन किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस ने 2 फरवरी 2026 को घटना का सफल खुलासा किया।
पुलिस ने ग्राम हरसौली, थाना शाहपुर निवासी सादिक पुत्र असगर और सोनिया पत्नी स्वर्गीय रोहित को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि सोनिया और संजीव उर्फ जीवन के बीच करीब 12 वर्षों से प्रेम संबंध थे। बाद में सोनिया के सादिक से भी संबंध हो गए, जिससे विवाद बढ़ता चला गया और अंततः हत्या की साजिश रची गई।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



