Google Analytics —— Meta Pixel

लोकसभा में हंगामे के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पास, 2004 के बाद पहली बार PM के भाषण के बिना हुआ पारित

Thanks Motion Passed 2026: संसद के बजट सत्र के सातवें दिन भारी हंगामे के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव लोकसभा में पारित कर दिया गया। खास बात यह रही कि 2004 के बाद पहली बार प्रधानमंत्री के जवाबी भाषण के बिना ही धन्यवाद प्रस्ताव पारित हुआ। इससे पहले 10 जून 2004 को तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी विपक्ष के हंगामे के चलते धन्यवाद प्रस्ताव पर नहीं बोल पाए थे। गुरुवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे को देखते हुए स्पीकर ने पहली बार महज 65 सेकंड के भीतर सदन स्थगित कर दिया। इसके बाद दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर भी हालात नहीं सुधरे, जिस पर दूसरी बार 5 मिनट के भीतर लोकसभा स्थगित कर दी गई। फिर भी हंगामा नहीं थमा, जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही कल यानी शुक्रवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

यह भी पढ़ें:- लोकतंत्र पर खतरा…!, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला बोले- कल PM नरेंद्र मोदी पर हमले की आशंका थी 

बुधवार शाम करीब 5 बजे जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, तब विपक्ष की महिला सांसदों ने सत्ताधारी पक्ष के सांसदों की कुर्सियों को घेर लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुर्सी को भी घेरा गया। महिला सांसदों के हाथों में बड़े-बड़े बैनर थे, जिन पर लिखा था- जो सही है, वो करो। इसी हंगामे के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद प्रस्ताव पर दिया जाने वाला संबोधन टल गया और सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। इधर, राज्यसभा में भी माहौल बेहद गर्म रहा। विपक्ष ने लोकसभा में राहुल गांधी को बोलने से रोके जाने का मुद्दा उठाया। नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब पर बोलने की अनुमति नहीं दी गई। (Thanks Motion Passed 2026)

रिजिजू और नड्डा ने खड़गे पर साधा निशाना

खड़गे ने कहा अगर राहुल गांधी को उस किताब पर बोलने नहीं दिया गया तो मैं राज्यसभा में उस किताब का जिक्र करना चाहता हूं। हालांकि उपसभापति ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। संसदीय कार्यमंत्री किरण रिजिजू ने खड़गे से कहा कि राहुल गांधी नियमों का पालन नहीं करते, आप उन्हें समझाते क्यों नहीं ? वहीं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी खड़गे को जवाब देते हुए कहा कि राज्यसभा में लोकसभा का मुद्दा नहीं उठाया जा सकता। आप कांग्रेस को अबोध बालक का बंधक न बनने दें। नड्डा ने कहा कि जो लोग प्रजातंत्र की बात करते हैं, वही आज प्रजातंत्र का गला घोंट रहे हैं। सभापति जी ने नेता प्रतिपक्ष को तीन बार बोलने का मौका दिया। उन्होंने अपनी बात रखी, लेकिन उनका असली एजेंडा कुछ और है। PM मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति को रोकना। यही अब कांग्रेस का एजेंडा बन गया है। (Thanks Motion Passed 2026)

राहुल नहीं बोले तो PM भी नहीं बोलेंगे: कांग्रेस 

हंगामा बढ़ने के बाद विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा से वॉकआउट कर दिया। विपक्ष का आरोप है कि खड़गे को एमएम नरवणे की किताब से कोट करने की अनुमति नहीं दी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे राज्यसभा में संबोधन दे सकते हैं। कांग्रेस के निलंबित सांसद मणिक्कम टैगोर ने कहा कि जब तक लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को अपनी बात रखने की अनुमति नहीं दी जाती, तब तक विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी बोलने नहीं देगा। उन्होंने धन्यवाद प्रस्ताव पारित किए जाने की निंदा करते हुए कहा कि मुझे राज्यसभा के बारे में नहीं पता, मैं लोकसभा का निलंबित सदस्य हूं, लेकिन इतना साफ है कि जब तक LoP को बोलने नहीं दिया जाएगा, तब तक प्रधानमंत्री को भी नहीं बोलने दिया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!