Google Analytics —— Meta Pixel

लोकतंत्र पर खतरा…!, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला बोले- कल PM नरेंद्र मोदी पर हमले की आशंका थी 

Lok Sabha Speaker Birla: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बुधवार को लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक अप्रत्याशित और गंभीर घटना हो सकती थी। इसी आशंका के चलते प्रधानमंत्री का धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रस्तावित संबोधन टाल दिया गया। स्पीकर ने कहा कि उन्होंने खुद PM मोदी से सदन में न आने का आग्रह किया था, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार किया। बता दें कि गुरुवार को भी विपक्ष का हंगामा लगातार जारी है, जिसके चलते लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने लोकसभा की कार्यवाही शुक्रवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। 

यह भी पढ़ें:- कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री बिट्टू में तीखी नोकझोंक, गद्दार और देश का दुश्मन कहकर किया एक-दूसरे पर हमला

सदन की कार्यवाही स्थगित करने से पहले लोकसभा स्पीकर ने कहा कि देश ने कल देखा कि लोकसभा में क्या हुआ। सांसदों की ओर से प्रधानमंत्री की कुर्सी की ओर बढ़ने की कोशिश की गई। मुझे जानकारी मिली थी कि कोई अप्रिय घटना हो सकती है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए मैंने प्रधानमंत्री से सदन में न आने का अनुरोध किया। स्पीकर ने कहा कि अगर यह घटना हो जाती तो लोकतांत्रिक परंपराओं को गहरी चोट पहुंचती और संसद की गरिमा तार-तार हो जाती। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 5 फरवरी की शाम 5 बजे लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देना था, लेकिन उससे पहले विपक्षी महिला सांसदों के भारी हंगामे के कारण लोकसभा अध्यक्ष संध्या राय ने कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी।

स्पीकर ओम बिरला ने विपक्ष को दी कड़ी चेतावनी 

इस वजह से प्रधानमंत्री का संबोधन नहीं हो सका। बाद में गुरुवार को धन्यवाद प्रस्ताव को बिना प्रधानमंत्री के भाषण के ही पारित कर दिया गया। 2004 के बाद यह पहला मौका है, जब लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव प्रधानमंत्री के संबोधन के बिना पास हुआ। स्पीकर ओम बिरला ने विपक्ष को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आप पोस्टर लेकर आएंगे तो सदन नहीं चलेगा, जिस तरह महिला सदस्य प्रधानमंत्री की सीट तक पहुंची, वह देश ने देखा। यह न तो उचित है और न ही सदन की गरिमा के अनुरूप। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के कार्यालय में जो हुआ, वह संसदीय इतिहास में पहले कभी नहीं देखा गया। (Lok Sabha Speaker Birla)

बीजेपी का कांग्रेस पर तीखा वार

इस मामले को लेकर बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि कल हंगामा नहीं था, बल्कि हिंसा की स्थिति थी, जिस तरह से बेल में आकर बेल को क्रॉस कर PM मोदी के कुर्सी के आगे चार लोग खड़े थे स्पीकर ने जो निर्णय लिया उससे एक बड़ी घटना बच गई कुछ भी घटना घट सकती थी। क्या लोकतंत्र में हिंसा की गुंजाइश है कल जो आचारण था वो हंगामा का नहीं हिंसा की थी। भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि मैं खुद संसद में प्रधानमंत्री की तरफ उसी किनारे बैठता हूं, जिस प्रकार से कांग्रेस की महिला सांसदों ने उस पूरे इलाके में आने का काम किया, वो बहुत ही दुर्भावनापूर्ण है। राहुल गांधी भारत के लोकतंत्र को, संसद को भी अपने निम्न स्तर पर पहुंचाने का काम कर रहे हैं। ऐसा भारतीय संसदीय इतिहास में कभी नहीं हुआ। (Lok Sabha Speaker Birla)

PM पर हमला करना आसान नहीं: मनोज तिवारी

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि PM पर हमला करना आसान नहीं है, लेकिन जो व्यवहार विपक्ष दिखा रहा है। ये लोकतंत्र का मंदिर है तो हम सारे नियमों का आदर कर रहे हैं लेकिन विपक्ष क्यों नहीं कर रहा है। विपक्ष लोकतंत्र की पहले भी हत्या कर चुका है… अब वो फिर से अपनी हार की निराशा में सारी चर्चाएं रोक रहे हैं हमें नए ट्रेड डील के बारे में बताने नहीं दे रहे हैं हम इसको अपने सत्यनिष्ठा से आगे बढ़ाएंगे। भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण था। कल सत्र शुरू होने से पहले हम सभी लोकसभा में बैठे थे, जब प्रधानमंत्री ने न आने का फैसला किया। मुझे लगता है कि यह सही फैसला था, क्योंकि प्रधानमंत्री की कुर्सी तक जाने का रास्ता कांग्रेस और दूसरी INDI पार्टियों की महिला सांसदों ने लगभग ब्लॉक कर दिया था। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।

सदन की गरिमा रखनी चाहिए: नरेश म्हस्के

शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि सदन की गरिमा रखनी चाहिए, अनुशासन रखना चाहिए और अपनी बाते वहां रखनी चाहिए लेकिन सदन धक्का-मुक्की करने का, गाली-गलोच करने का स्थान नहीं है। कल विपक्ष ने जो किया वो बहुत गलत था। राहुल गांधी ने बहुत गलत नीति अपनाई। सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि किसी की इतनी हिम्मत होती कि पीएम मोदी पर हमला करता। निशिकांत दुबे जी ने जो बोला उसकी निंदा होनी चाहिए थी। हमें संसद में अपने महिला सांसदों का सम्मान करना सीखना चाहिए। विपक्ष को बोलने का मौका नहीं दिया जा रहा था। इसलिए सभी उत्तेजित थे लेकिन किसी की इतनी हिम्मत नहीं है कि वो पीएम मोदी पर हमला करें। TMC सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि मैं स्पीकर की बात से बिलकुल सहमत नहीं हूं, जिस संसद में इतने लोग इकट्ठा होते हैं, जहां बहुत सारे कैमरा होते हैं, आज तक कभी ऐसी नहीं हुआ कि कभी किसी ने अप्रत्याशित घटना घटित करने की कोशिश की हो।

बुधवार को PM की स्पीच से पहले क्या हुआ ?

शाम 5 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी महिला सांसदों ने सत्ताधारी सांसदों की कुर्सियों का घेराव कर लिया। प्रधानमंत्री मोदी की कुर्सी को भी घेर लिया गया। महिला सांसदों के हाथों में बड़े-बड़े बैनर थे। यह प्रदर्शन मंगलवार को 8 विपक्षी सांसदों के निलंबन के विरोध में किया गया। हंगामे के बाद स्पीकर ने कार्यवाही स्थगित कर दी। कुछ मंत्रियों के समझाने के बाद महिला सांसदों ने घेराव खत्म किया। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री सदन में मौजूद थे और जवाब देने के लिए तैयार थे। इसी दौरान स्पीकर को जानकारी मिली कि कांग्रेस प्रधानमंत्री पर हमला करने की योजना बना रही है। योजना के तहत महिला सांसदों को ढाल के रूप में आगे किया गया था। संभावित खतरे को देखते हुए ही सदन स्थगित करने और PM को न बुलाने का निर्णय लिया गया।

Back to top button
error: Content is protected !!