कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री बिट्टू में तीखी नोकझोंक, गद्दार और देश का दुश्मन कहकर किया एक-दूसरे पर हमला

Rahul Vs Minister Bittu: लोकसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी बहस देखने को मिली। घटना संसद के मकर द्वार के पास की है, जहां कांग्रेस के कुछ सांसद प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू वहां से गुजर रहे थे। राहुल गांधी ने उन्हें देखकर कहा- देखिए यहां एक गद्दार चल रहा है, इसका चेहरा देखिए। इसके बाद राहुल गांधी ने हाथ मिलाने की पेशकश करते हुए कहा कि हैलो भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, आप वापस कांग्रेस में आ जाओगे। हालांकि बिट्टू ने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और मुस्कुराते हुए जवाब दिया- देश के दुश्मनों से मेरा कोई लेना-देना नहीं है।
यह भी पढ़ें:- SIR विवाद पर दिल्ली से कोलकाता तक सियासी तूफान, BJP ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बोला हमला
राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि वे समझते हैं कि सबसे बड़े देशभक्त हम ही हैं। मेरे पिता जी ने शहादत दी। मेरी पार्टी में यही लड़ाई थी कि आपके लगाए आग में हमारे गुरुद्वारा में गोली चली, स्वर्ण मंदिर में। हजारों सिखों को इन्होंने निशाना बनाकर कत्ल कराया। अगर राजीव गांधी का नाम शहीद में आता है तो सरदार बेअंत सिंह भी कहना पड़ता है। मैं उस परिवार से आता हूं ये तकलीफ है। अगर एक शहीद का पोता आपके (राहुल गांधी) साथ था तो ठीक था, अगर मैं भाजपा में हूं तो आपको तकलीफ है। जब उन्होंने ये कहके हाथ मिलाने आगे बढ़ाया तो मैंने कहा कि आप देश के गद्दार हो, जो रोज सेना के खिलाफ बात करते हैं। आप देश के सबसे बड़े गद्दार हैं और सिखों के कातिल हैं। मेरा गांधी परिवार के वारिस के साथ हाथ नहीं मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आगे कहा कि ये सिख को हमेशा निशाना बनाते रहे हैं, उसी तरीके से आज वे शब्द बोले। बाकी सांसद थे किसी ने कुछ नहीं कहा। हम सहकर्मी हैं। रोज मिलते हैं, लेकिन किसी ने कुछ नहीं कहा। राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं पता नहीं आज उन्हें क्या हुआ था। क्या गुस्सा लेकर मन में बैठे थे। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ दिए गए बयान के विरोध में प्रदर्शन किया। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जिसके लिए रवनीत सिंह बिट्टू गद्दार है वैसे हम राहुल गांधी को कह रहे हैं कि वो गद्दार हैं हमारी लड़ाई जारी रहेगी और राहुल गांधी को माफी मांगनी पड़ेगी।
राहुल गांधी को माफी मांगनी होगी: सचदेवा
सचदेवा ने आगे कहा कि राहुल गांधी को माफी भी मांगनी होगी और इस्तीफा भी देना होगा। राहुल गांधी का हर बयान देश को तोड़ने वाला बयान है। कांग्रेस के हाथ खून से रंगे हुए हैं। कांग्रेस 1984 में हुए दंगों में भी सिखों को गद्दार कहती थी और आज 2026 में भी सिखों को गद्दार कह रही है। राहुल गांधी ने पूरे सिख समुदाय को गाली दी है। राहुल गांधी को इस्तीफा देना होगा। दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि गांधी परिवार ही देश का असली गद्दार है, जिसने देशभक्तों पर हमला किया, सिखों के पवित्र स्थलों में तोड़फोड़ की। उन्होंने सिख नरसंहार के लिए कभी माफी नहीं मांगी, आप उनसे अपने बयान के लिए माफी मांगने की उम्मीद कैसे कर सकते हैं ? सदन में एक सिख मंत्री के खिलाफ जिस प्रकार के शब्द का इस्तेमाल किया गया मैं इसकी निंदा करता हूं। राहुल गांधी जी अगर कोई गद्दार है तो वे आप है सिख सरदार है वे कभी गद्दार नहीं हो सकता।
कांग्रेस की मानसिकता में आज भी बदलाव नहीं: सिरसा
सिरसा ने कहा कि सिखों के प्रति आपके शब्दों को बोलना दर्शाता है कि कांग्रेस की मानसिकता में आज भी बदलाव नहीं है। गद्दार गांधी परिवार है जिन्होंने दरबार साहिब पर तोप से हमला किया। सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि सदन में नहरू जी, इंदिरा गांधी और सोनिया गांधी को भ्रष्टाचार, गद्दार कहा गया, लेकिन माइक एक बार भी बंद नहीं हुआ अगर राहुल गांधी, अखिलेश यादव या विपक्ष का कोई भी नेता कुछ बोलता है तो एक सेकंड में माइक बंद किया जाता है। बिना उनकी मर्जी के माइक नहीं चलता है और लगातार निशिकांत दुबे को बोलने दिया गया। अगर यही लोकतंत्र है तो ये दुर्भाग्यपूर्ण हैं। कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि राहुल गांधी ने रवनीत सिंह बिट्टू से कहा कि वह एक गद्दार है, जिसने चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी को तब छोड़ा जब उन्हें उसकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत थी। अगर वह गद्दार नहीं है, तो फिर क्या है ?
पहले कांग्रेस में थे बिट्टू
रवनीत सिंह बिट्टू 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। इससे पहले वे तीन बार कांग्रेस के सांसद रह चुके हैं। 2009 में आनंदपुर साहिब से सांसद चुने गए। 2014 और 2019 में लुधियाना से जीत हासिल की। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने लुधियाना सीट से पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन करीब 20 हजार वोटों से हार गए। इसके बावजूद उन्हें राज्यसभा सदस्य बनाया गया और केंद्र सरकार में रेल और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। राहुल गांधी और बिट्टू के बीच यह पहली जुबानी जंग नहीं है। सितंबर 2024 में बिट्टू ने अमेरिका में सिखों को लेकर राहुल गांधी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। बिट्टू ने उस समय कहा था कि राहुल गांधी सिख समुदाय को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। सिख किसी पार्टी से जुड़े नहीं हैं। यह चिंगारी लगाने की कोशिश है। राहुल गांधी देश के नंबर वन टेररिस्ट हैं।



