Google Analytics —— Meta Pixel

SIR विवाद पर दिल्ली से कोलकाता तक सियासी तूफान, BJP ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बोला हमला

Politics on Westbengal SIR: SIR को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति अब सड़क से सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस मामले में सुप्रीम कोर्ट पहुंची, जहां उन्होंने चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। इसे लेकर BJP ने CM ममता पर हमला बोला है। पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष और सांसद सामिक भट्टाचार्य ने कहा कहा कि वोटर लिस्ट को साफ करने के लिए SIR किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी निराश हैं और यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक राज्य की मुख्यमंत्री एक ऐसे व्यक्ति के खिलाफ गंदी भाषा का इस्तेमाल कर रही हैं, जो एक संवैधानिक संस्था का प्रमुख है। क्या यह सभ्य समाज में स्वीकार्य है ? TMC की ओर से देश की आंतरिक सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- पश्चिम बंगाल SIR को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, CM ममता बनर्जी ने EC पर लगाए गंभीर आरोप, CJI बोले- असली मतदाता बाहर नहीं होने चाहिए

भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट गई हैं। वे बंगाल के लोगों के लिए नहीं बल्कि स्वयं के लिए वहां गई हैं। ममता बनर्जी, आप कहां थी, जब कुछ दिन पहले आनंदपुर में हमारे 30 भाई जलकर मारे गए, हमें उनकी लाशें भी नहीं मिलीं। आज आप खुद को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट गई हैं। ममता बनर्जी SIR को रोकना चाहती हैं, क्योंकि वे जानती हैं कि उनका वोट बैंक रोहिंग्या और बांग्लादेशी मुसलमान हैं। भाजपा नेता और वकील प्रियंका टिबरेवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नीति है इस तरह के नाटक करने की। हम सभी जानते हैं कि उनका कोर्ट जाने का क्या कारण था। (Politics on Westbengal SIR)

जजों को डराने की कोशिश की: प्रियंका 

उन्होंने कहा कि कोर्ट के अंदर बैठे हुए वे जजों को डराने और प्रभावित करने की कोशिश कर रही थी। मगर उन्हें इन सभी चीजों का कोई फायदा नहीं हुआ। उन्हें इस राजनातिक ड्रामे का कोई लाभ नहीं हुआ। हम कल भी कह रहे थे और आज भी कह रहे हैं कि चुनाव आयोग सभी प्रक्रियाओं को कानून के दायरे में ही अंजाम दे रहा है। भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि ममता बनर्जी के पास और कोई मुद्दा नहीं है। वो अपना भविष्य देख रही हैं। इस बार 2026 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की छुट्टी होने वाली है। पश्चिम बंगाल से उनका जाना तय है तो वो ऐसी स्थिति में SIR को लेकर पूरे देश में एक नैरेटिव बनाना चाहती हैं। चुनाव आयोग ने एक सही काम किया और निष्पक्ष तरीके से सब हो रहा है।

घुसपैठियों को सरंक्षण कब तक देंगी: विजय शर्मा

छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि ममता बनर्जी यह बताएं कि वो घुसपैठियों को सरंक्षण कब तक देंगी और अगर घुसपैठियों के नाम कट रहे हैं तो ममता बनर्जी परेशान क्यों हैं ? अगर यहां भी घुसपैठिया आ रहा है तो उसका कारण बंगाल की सरकार है। अपनी सरकार को कैसे भी बचाने के लिए ममता बनर्जी यह सब कर रही हैं। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि ममता जी को अपनी हार साफ दिखाई पड़ रही है और वे यह भी जानती है कि उनकी जो बयानबाजी है, उनके जो आरोप हैं वो निरर्थक हैं। SIR आजादी के बाद से चला आ रहा है। यह एक पारदर्शी व्यवस्था है। जितने वांछित मतदाता हैं, यह उनके नाम के नामांकन की प्रक्रिया है। (Politics on Westbengal SIR)

चुनाव आयोग पारदर्शिता के साथ काम कर रहा: जायसवाल 

बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि SIR के मुद्दे पर पूरे देश की जनता इस बात को जानती है कि चुनाव आयोग बहुत पारदर्शिता के साथ अपना काम कर रहा है। जनता में इसको लेकर कहीं कोई विरोध नहीं है। बिहार की जनता ने SIR की पारदर्शिता को देखा, किसी मतदाता को कोई दिक्कत नहीं हुई। ममता बनर्जी की ओर से SIR का विरोध करना इस बात का स्पष्ट संकेत देता है कि TMC का धरातल बंगाल में समाप्त होने वाला है। भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि वे सब बस ड्रामा करने के लिए है। ड्रामा करके आप चुनाव नहीं जीत पाएंगे बिहार उसका उदाहरण है। काला कपड़ा अप्रैल के बाद पहनना है अभी क्यों पहन रहे हैं। उस समय शोक मनाना पड़ेगा।

बांग्लादेशियों के वोट कार्ड बनवाए जाते हैं: घोष 

घोष ने आगे कहा कि देश में कहीं भी पकड़े गए बांग्लादेशियों के यहां वोटर कार्ड और आधार कार्ड बनवाए जाते हैं। ये उन्हें दिए जाते हैं, जो बांग्लादेश से आते हैं और फिर वे जाकर पूरे देश में हंगामा करते हैं। वे देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होते हैं और ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के सदस्य यह सब करते हैं। इन सभी नामों को वोटर लिस्ट से हटा दिया जाएगा और इसलिए ममता बनर्जी परेशान हैं। वे बस दिल्ली में रो रही हैं। वहीं TMC सांसद और वकील कल्याण बनर्जी ने कहा कि ममता बनर्जी की ओर से दायर रिट याचिका पर सुनवाई हुई और ममता बनर्जी ने अपना पक्ष रखा। कुछ मुद्दों पर बहस हुई और कोर्ट ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें अपने मामलों पर बहस करने के लिए और समय दिया जाएगा। एक बात महत्वपूर्ण है।

BJP शासित राज्यों में प्रक्रिया शुरू नहीं हुई: बनर्जी 

बनर्जी ने कहा कि याचिका में ही दो महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए हैं, जिन पर विचार करने और फैसला लेने की जरूरत है। ममता बनर्जी ने इन मुद्दों पर बहस की। उन्होंने कहा कि सिर्फ नाम हटाने की प्रक्रिया चल रही है और 4 महीनों से नाम जोड़ने की कोई प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है। माइक्रो-ऑब्जर्वर और रोल ऑब्जर्वर नियुक्त करने का कोई अधिकार नहीं है। रोल ऑब्जर्वर SDM रैंक के नहीं हैं, वे कोल इंडिया, RBI वगैरह से आ रहे हैं। सभी माइक्रो-ऑब्जर्वर BJP शासित राज्यों से लाए गए हैं और यह तर्क दिया गया कि सिर्फ 2-3 मामलों में, जहां गैर-BJP सरकार है, प्रक्रिया जल्दबाजी में चल रही है, लेकिन BJP शासित राज्यों में प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।

छोटी-छोटी गलतियों को भी बहुत गंभीरता से लिया: बनर्जी 

सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि जहां तक तार्किक विसंगति की बात है, उन्होंने कहा है कि बहुत छोटी-छोटी गलतियों को भी बहुत गंभीरता से लिया गया है। EC से इन सभी मुद्दों पर ध्यान देने के लिए कहा गया है। कोर्ट ने मौखिक रूप से कहा है कि वे सुनवाई के लिए समय बढ़ा सकते हैं, क्योंकि सिर्फ 4 दिन बचे हैं। कोर्ट ने मामले को आगे की सुनवाई के लिए सोमवार तक के लिए रखा है और उनसे अपना जवाब देने के लिए कहा है। EC ने एक मुद्दा उठाया कि पश्चिम बंगाल में इतने सारे SDM उपलब्ध नहीं हैं। अब, कोर्ट ने पूछा है कि क्या ग्रेड 2 के अधिकारियों को उनकी मदद के लिए दिया जा सकता है। ममता बनर्जी ने हां कहा है। TMC नेता कुणाल घोष ने कहा कि सीएम ममता बनर्जी SIR के नाम पर BJP की साजिश, लोगों की मौत और उत्पीड़न के खिलाफ जनता के साथ खड़ी हैं। यहां एक राजनीतिक आंदोलन से शुरू होकर ममता बनर्जी के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट तक पूरी कानूनी लड़ाई लड़ी जा रही है। (Politics on Westbengal SIR)

BJP को हराना हैं तो TMC को वोट देना होगा: कुणाल घोष

TMC नेता कुणाल घोष ने कहा कि बंगाल में एक बात पक्की है अगर आप BJP को हराना चाहते हैं तो आपको तृणमूल कांग्रेस को वोट देना होगा। अगर एक भी वोट किसी दूसरी पार्टी को जाता है चाहे वह B टीम हो, C टीम हो, या D टीम हो तो आखिर में इसका फायदा BJP को ही होगा। यही सच्चाई है। शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि जिस तरीके से चुनावी राज्यों में SIR लागू किया जा रहा है वो एकतरफा हो रहा है। चुनाव आयोग भाजपा के अंतर्गत जो भाजपा चाहती है वो काम कर रहा है। पहले ED, IT, CBI तो काम कर ही रहे थे। अब चुनाव आयोग भी इसमें जुड़ चुका है। मैं ममता बनर्जी का पूरा समर्थन करती हूं। वे लीगल लड़ाई लड़ रही हैं।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश का आरोप

जम्मू-कश्मीर के PDP विधायक वहीद पारा ने कहा कि वोट चोरी का मसला है। SIR के मसले पर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पारदर्शिता की जरूरत है। ये एक जायज मुद्दा है। आकड़े बदल रहे हैं तो सुप्रीम कोर्ट इस पर हस्तक्षेप कर सकता है।समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जो SIR चल रहा है, चिंता इस बात की है कि भाजपा इसमें शामिल है और वो जिसका वोट कटवाना चाहते हैं, वो कटवाते हैं, जिसका वोट वो जुड़वाना चाहते हैं, वो जुड़वाते हैं। अगर हम कोई शिकायत करना चाहते हैं तो चुनाव आयोग उसको नजरअंदाज कर रहा है। चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है और उनकी जिम्मेदारी है कि वोट ज्यादा से ज्यादा बनें।

चुनाव आयोग बीजेपी के लिए काम कर रहा: अखिलेश

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के लोगों का जिस तरह का व्यवहार है, उससे ऐसा लगता है कि वो भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह केवल पश्चिम बंगाल का मामला नहीं है, यह पूरे देश का मामला है। बड़े पैमाने पर और बड़ी योजनाबद्ध तरीके से भाजपा देश के दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और PDA के मतों को काटना चाहती है। केवल बंगाल में ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश में भी बड़े पैमाने पर वोट काटे जा रहे हैं। यह लोकतंत्र के लिए खतरा है। जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि SIR हर डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए चिंता का विषय है और लोकतंत्र के लिए भी यह एक चिंता का विषय है। हमने पहले भी कहा है कि अगर जम्मू-कश्मीर की तरफ भी उनका रुख इस बारे में हुआ तो कांग्रेस उसका खुलकर और सख्ती से विरोध करेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!