Google Analytics —— Meta Pixel

संसद में गतिरोध बरकरार, कार्यवाही को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के अलग-अलग तर्क, जानिए किसने क्या कहा…?

Parliament Deadlock Continues:दिल्ली में संसद के बजट सत्र का 7वां दिन भारी हंगामे की भेंट चढ़ गया। विपक्ष ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने की अनुमति नहीं देने का आरोप लगाया। साथ ही सरकार पर लोकतंत्र का गला घोंटने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस, सपा, राजद समेत विपक्षी दलों ने कहा कि जानबूझकर चर्चा से बचा जा रहा है। जबकि सत्ता पक्ष ने विपक्ष पर नियम तोड़ने, हंगामा करने और सदन को बंधक बनाने का आरोप लगाया। अबोध बालक जैसी टिप्पणियों से राजनीतिक तापमान और चढ़ गया। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं। कल उनमें सदन में आने की हिम्मत नहीं थी, क्योंकि तीन महिलाएं बेंच के सामने खड़ी थीं। यह क्या बकवास है ? कोई चर्चा नहीं हो रही है क्योंकि सरकार चर्चा नहीं चाहती है।

यह भी पढ़ें:- लोकतंत्र पर खतरा…!, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला बोले- कल PM नरेंद्र मोदी पर हमले की आशंका थी 

कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में विपक्ष के नेता को बोलने और बहस शुरू करने का अधिकार होता है, जिसे इस सदन में पूरी तरह से नकार दिया गया है। हमारा एकमात्र एजेंडा यह है कि विपक्ष के नेता को बोलने की इजाज़त दी जानी चाहिए। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि गतिरोध इसलिए बना, क्योंकि नेता प्रतिपक्ष को अपनी बात नहीं रखने दी गई और संसद और लोकतंत्र की गरिमा में गौरवशाली परंपराओं के अनुसार उनको नेता विपक्षों को खुलकर अपनी बात बोलने का अधिकार होना चाहिए। लोकसभा अध्यक्ष से हम उम्मीद करते हैं कि उन्हें वो अवसर देंगे। सत्तापक्ष पूरा जवाब देता है यही परंपरा रही है लेकिन बोलने न देना ये अच्छी बात नहीं है इस गतिरोध का समाधान होना चाहिए।

राज्यसभा में भी मचा बवाल

इधर, राज्यसभा में बोलते हुए विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि संसद का मतलब लोकसभा और राज्यसभा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता देश के हितों पर बोलना चाहते थे, लेकिन उन्हें बोलने नहीं दिया गया। आप इस तरह से सदन कैसे चला सकते हैं ? इस पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि विपक्ष के नेता को पता होना चाहिए कि लोकसभा की कार्यवाही पर राज्यसभा में चर्चा नहीं की जा सकती। आप कांग्रेस को अबोध बालक का बंधक न बनने दें। वहीं केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि आपके लोकसभा में विपक्ष के नेता सदन के नियमों का पालन नहीं करते। वहीं नड्डा के ‘अबोध बालक’ शब्द का इस्तेमाल करने पर सियासत गरमा गई। (Parliament Deadlock Continues)

नड्डा के पास शब्दावली की कमी: मनोज झा

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि उनको बोलने देना चाहिए। किस चीज से डर रहे हैं? कि वे किसी किताब से कुछ कोट करेंगे? या एपस्टीन फाइल से डर रहे हैं? या हम उनको अमेरिका-भारत व्यापार समझौते को लेकर कटघरे में खड़ा कर देंगे, जिससे सारे किसानों की जिंदगी बर्बाद होने जा रही है? राजद सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि जे.पी. नड्डा आलोचना के लिए बेहतर शब्द चुन सकते थे, लेकिन मैं समझता हूं कि शब्दावली की कमी राजनीतिक संकीर्णता का परिचायक है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि विपक्ष के नेता को बोलने की इजाज़त मिलनी चाहिए और इससे भी बड़ी बात यह है कि वे जो कह रहे हैं, वो पहले से ही पब्लिक डोमेन में है। वे बस अपनी बात रखना चाहते थे। इतना बड़ा ऑब्जेक्शन उठाकर और उन्हें बोलने न देकर, एक बहुत बड़ी समस्या खड़ी कर दी गई है। (Parliament Deadlock Continues)

PM चाहते हैं कि सदन बिना विपक्ष के चले: राजीव राय

समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि लोकसभा में राहुल गांधी की ओर से जब छपी हुई किताब पेश की जा रही है, तो उन्हें ऐसा करने देना चाहिए। हर सांसद को संसद में अपनी बात कहने का हक है। सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आए नहीं थे और सदन स्थगित कर दिया गया था। वो चाहते हैं कि सदन बिना विपक्ष के चले। वो किसी को बोलने नहीं देंगे। इनको तानाशाही घोषित कर देनी चाहिए। नगीना से निर्दलीय सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि ये लोकतंत्र का मंदिर है। सदन नहीं चलेगा तो परेशानी आएगी। नगीना के लिए कई प्रस्ताव मैंने दिए थे, लेकिन बजट में अबकी बार इस तरह के प्रावधान नहीं दिखाई दिए। हमने सोचा था कि सदन चलेगा तब अपने सवाल खड़े करेंगे और सरकार से पूछेंगे। 

सदन को बंधक बना लिया गया: गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि एक अबोध बालक के जिद के कारण सदन को बंधक बना लिया गया। संसदीय इतिहास में उनका नाम काले अक्षरों से लिखा जाएगा। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भारतीय संसद के इतिहास में आजतक यह नहीं हुआ कि प्रधानमंत्री को बोलने से जबरन रोका जाए, घेराव किया जाए और स्पीकर को बताना पड़े कि प्रधानमंत्री सदन में ना आएं। संसद बहस की जगह है, वहां अपनी बात रखें। यह राहुल गांधी के चेहरे वाली कांग्रेस है। भाजपा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि कांग्रेस का लोकतंत्र में निम्न स्तर का आचरण है, जो उसकी मानसिकता का दिखाता है कि वो अपनी सब बात कहते हैं, लेकिन दूसरे की बात नहीं सुनना चाहते। उनके सांसद अपनी बात पूरी तरह से कहते हैं और हम सब उनकी बात सुनते हैं, लेकिन जब हमारी ओर से उत्तर दिया जाता है तो हल्ला करके वॉकआउट कर देते हैं। उनमें सुनने की क्षमता नहीं है। यह लोकतंत्र के लिए हानिकारक है।

कांग्रेस ने लोकतंत्र को कलंकित किया: शिवराज

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि संसद में महिला सांसदों को कांग्रेस के राजनेता आगे कर देते हैं और वे देश के प्रधानमंत्री का रास्ता रोककर खड़े हो जाते हैं। आप प्रधानमंत्री का नहीं देश के विकास का रास्ता रोक रहे हैं। जनता के प्रति जवाबदेही से आप बच रहे हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मेरा मन दर्द और पीड़ा से भरा हुआ है। मैं यह देखकर हैरान हूं कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक मंत्री को ‘गद्दार’ कह रहे हैं। ऐसे ‘छिछोरे’ कमेंट कर रहे हैं। वे PM के पद का अपमान कर रहे हैं। ये ‘छिछोरापन’ है। राहुल गांधी और कांग्रेस ने लोकतंत्र को कलंकित करने का काम है। देश सब देख रहा है। जब भी कांग्रेस ने PM का अपमान किया है, जनता ने हमेशा उन्हें सबक सिखाया है। कांग्रेस कहां तक गिरेगी ? राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि लोकसभा में भी इन्होंने अनर्गल बयानबाजी करके वॉक आउट किया और आज राज्यसभा में भी। मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने का पूरा मौका मिला, लेकिन फिर भी उन्हें नाटक करना था, इसलिए नाटक किया, ये ठीक बात नहीं है। 

कल हंगामा नहीं था, बल्कि हिंसा की स्थिति थी: जगदंबिका पाल

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर भाजपा सांसद कंगना रणौत ने कहा कि उनकी शब्दावली देखिए, जिस तरह एपस्टीन फाइल को लेकर भी उन्होंने कहा कि अभी इसमें और माल है, जिस इंसान की इतनी खराब सोच हो उनके क्या उम्मीद कर सकते हैं। राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि सत्ता पक्ष सदन चलाना चाहता है, लेकिन विपक्ष ने वॉक आउट कर दिया। यह ठीक बात नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी विपक्ष से नहीं डरते हैं। विपक्ष के लोग मैदान छोड़कर क्यों भागते हैं ? सदन नियम और प्रक्रिया के तहत चलता है। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि कल हंगामा नहीं था, बल्कि हिंसा की स्थिति थी, जिस तरह से बेल में आकर बेल को क्रॉस कर पीएम मोदी के कुर्सी के आगे चार लोग खड़े थे स्पीकर ने जो निर्णय लिया उससे एक बड़ी घटना बच गई कुछ भी घटना घट सकती थी। क्या लोकतंत्र में हिंसा की गुंजाइश है कल जो आचारण था वो हंगामा का नहीं हिंसा की थी।

कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए: जगदंबिका पाल 

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि जिस तरह से कल संसदीय लोकतंत्र पर कुटाराघात हुआ। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जो धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत होता है, उसमें जो चर्चा होती है चाहे सत्तापक्ष हो या प्रतिपक्ष हो, उनके द्वारा उठाए गए सभी प्रश्नों का जवाब दिया जाता है। कल जो घटना हुई है वो लोकतंत्र में एक अभूतपूर्व घटना हुई है कि पहली बार प्रधानमंत्री को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बोलने का कोई अवसर नहीं देने दिया। वो सोची समझी घटना थी। भाजपा सांसद पाल ने कहा कि कल हंगामा नहीं हिंसा का प्रयास था, जिस तरह से वो कुर्सियां तक आए और अगर सदन स्थगित नहीं हुआ था तो आज वहां हंगामा या विरोध की बात नहीं, बल्कि ये मारपीट पर आ जाते। आज जो हुआ है वो अभूतपूर्व है। आज मन बहुत आहात है। आज सारी मर्यादाएं टूट गई है। कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए। (Parliament Deadlock Continues)

Back to top button
error: Content is protected !!