विधायक चंद्राकर की पहल रंग लाई, भखारा को मिली रजिस्ट्री सुविधा
धमतरी। भखारा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब जमीन की रजिस्ट्री और पंजीयन कार्यों के लिए कुरूद के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विधायक अजय चंद्राकर के प्रयासों से भखारा में नया उप-पंजीयक कार्यालय खोलने की प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है।
यह भी पढ़े :- RBI ने रेपो रेट में नहीं किया बदलाव, लोन सस्ता हुआ या महंगा? गवर्नर ने बताया पूरा गणित
अब तक भखारा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को रजिस्ट्री कार्यों के लिए कुरूद या जिला मुख्यालय धमतरी तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन नए कार्यालय के खुलने से यह सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी।
विधायक चंद्राकर की पहल से मिली सुविधा
उल्लेखनीय है कि कुरूद विधानसभा के विधायक अजय चंद्राकर अपने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार सक्रिय हैं। ग्रामीण अंचलों के लोगों को जरूरी सेवाओं के लिए शहरों की ओर न जाना पड़े, इसी उद्देश्य से उनके प्रयासों पर राज्य सरकार ने रजिस्ट्रीकरण अधिनियम–1908 के तहत भखारा (जिला धमतरी) में नवीन उप-पंजीयक कार्यालय खोलने की स्वीकृति प्रदान की है।
समय और धन दोनों की होगी बचत
नए उप-पंजीयक कार्यालय की स्थापना से—
- नागरिकों का समय और खर्च बचेगा
- पंजीयन कार्यालयों में भीड़ कम होगी
- सेवाएं अधिक पारदर्शी और सुगम बनेंगी
- स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा
कलेक्टर का बयान
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा,
“भखारा में उप-पंजीयक कार्यालय की स्वीकृति से क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। यह निर्णय प्रशासनिक विकेंद्रीकरण की दिशा में सराहनीय कदम है। इससे पंजीयन प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और जनसुलभ बनेगी।”
10 नवाचारात्मक सुविधाएं भी मिलेंगी
नए कार्यालय के माध्यम से पंजीयन विभाग द्वारा लागू 10 डिजिटल नवाचारों का लाभ भी मिलेगा, जिनमें—
- ऑटो डीड जनरेशन
- आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन
- घर बैठे रजिस्ट्री
- स्वतः नामांतरण
- ऑनलाइन भारमुक्त प्रमाणपत्र
- एकीकृत कैशलेस भुगतान
- व्हाट्सएप आधारित सेवाएं
- डिजिलॉकर एकीकरण
- डिजी-डॉक सेवा
- खसरा नंबर से ऑनलाइन सर्च व रजिस्ट्री डाउनलोड
शामिल हैं। यह निर्णय पंजीयन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



