हम अमेरिका के नौकर नहीं हैं, मोदी सरकार ने भारत माता को बेच दिया: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी

Congress MP Rahul Gandhi: लोकसभा में बजट सत्र के दौरान बुधवार को उस समय तीखी बहस देखने को मिली, जब नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अडाणी समूह, अमेरिका-भारत ट्रेड डील, डेटा सुरक्षा और भू-राजनीतिक हालात को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उनके भाषण के दौरान सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध दर्ज कराया और सदन में कई बार व्यवधान की स्थिति बनी। राहुल गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत आर्थिक सर्वेक्षण से की। उन्होंने कहा कि दुनिया स्थिरता के दौर से अस्थिरता के दौर में प्रवेश कर रही है।
यह भी पढ़ें:- नरेंद्र मोदी की आंखों में डर दिखता है…वे आंख में आंख नहीं मिला पाते हैं: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका का वैश्विक दबदबा चीन, रूस और अन्य ताकतों से चुनौती का सामना कर रहा है। ऊर्जा और वित्त को वैश्विक स्तर पर हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। यूक्रेन, गाजा और मध्य-पूर्व के संघर्ष यह संकेत देते हैं कि दुनिया युद्ध जैसे हालात की ओर बढ़ रही है। भारत ने भी हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर चलाया है, जो अस्थिर माहौल को दर्शाता है। राहुल गांधी ने कहा कि बजट में इन भू-राजनीतिक चुनौतियों और ऊर्जा-सुरक्षा पर पर्याप्त रणनीतिक स्पष्टता नहीं दिखती। राहुल गांधी ने कहा कि 21वीं सदी में भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी 1.4 अरब की आबादी और उससे उत्पन्न होने वाला विशाल डेटा है।
AI के दौर में डेटा पेट्रोल की तरह: राहुल गांधी
उन्होंने कहा कि AI के दौर में डेटा पेट्रोल की तरह है। दुनिया के दो सबसे बड़े डेटा पूल भारत और चीन के पास हैं। अगर भारत अपने डेटा पर नियंत्रण खो देता है तो भविष्य की अर्थव्यवस्था पर भी पकड़ कमजोर हो जाएगी। राहुल गांधी ने हालिया अमेरिका-भारत ट्रेड डील को पूरा सरेंडर करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने डिजिटल ट्रेड नियमों पर नियंत्रण छोड़ दिया। डेटा लोकलाइजेशन की शर्त हटा दी। अमेरिकी कंपनियों को फ्री डेटा फ्लो की अनुमति दी। डिजिटल टैक्स पर सीमा तय कर दी। सोर्स कोड साझा करने की अनिवार्यता खत्म कर दी। बड़ी टेक कंपनियों को 20 साल का टैक्स हॉलिडे दे दिया। (Congress MP Rahul Gandhi)
टैरिफ और व्यापार संतुलन पर उठाया सवाल
उन्होंने कहा कि अगर INDIA गठबंधन सरकार होती तो अमेरिका से बराबरी की शर्तों पर बातचीत करती। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भारत का औसत टैरिफ 3% से बढ़कर 18% हो गया है। अमेरिकी आयात 46 बिलियन डॉलर से बढ़ाकर 146 बिलियन डॉलर किए जा रहे हैं। अमेरिका की ओर से भारत को कोई समान प्रतिबद्धता नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय उद्योग, खासकर टेक्सटाइल सेक्टर को नुकसान होगा। राहुल गांधी ने दावा किया कि अमेरिका ने बांग्लादेश पर टैरिफ शून्य कर दिया है, जबकि भारत पर 18% बना हुआ है। इससे भारतीय टेक्सटाइल उद्योग प्रतिस्पर्धा में पिछड़ जाएगा। (Congress MP Rahul Gandhi)
अडाणी, एपस्टीन फाइल्स और अनिल अंबानी पर आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिकी कृषि मॉडल के लिए बाजार खोलना भारतीय छोटे किसानों के हितों के खिलाफ है। ऊर्जा के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि अब अमेरिका तय करेगा कि भारत किस देश से तेल खरीदेगा। अगर भारत ने अमेरिकी इच्छा के विरुद्ध तेल खरीदा तो टैरिफ बढ़ाकर दंडित किया जा सकता है। उन्होंने इसे भारत की ऊर्जा संप्रभुता के लिए खतरा बताया। राहुल गांधी ने अपने भाषण में एपस्टीन फाइल्स और अमेरिका में चल रहे मामलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एपस्टीन से जुड़े डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस दस्तावेजों में हरदीप पुरी और अनिल अंबानी का नाम है। अनिल अंबानी जेल में क्यों नहीं हैं। यह सवाल उठाया जाना चाहिए। अडाणी समूह पर अमेरिका में केस चल रहा है और समन जारी हुए हैं।
सदन में तीखी नोकझोंक
राहुल ने कहा कि भारत सरकार ने पिछले 18 महीनों से इस पर कोई जवाब नहीं दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि अडाणी पर चल रहा केस प्रधानमंत्री पर दबाव बनाने का तरीका है और इससे भाजपा की वित्तीय संरचना प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि बिना दबाव के कोई भी प्रधानमंत्री किसानों, डेटा, ऊर्जा और रक्षा के मुद्दे पर ऐसा समझौता नहीं करेगा। अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि आपने भारत को बेच दिया है। आपने भारत माता को बेच दिया है। इस बयान पर सत्ता पक्ष ने कड़ा विरोध किया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी से अपने आरोपों को साबित करने की मांग की और कहा कि बिना प्रमाण के ऐसी बातें सदन की कार्यवाही में दर्ज नहीं होनी चाहिए। भाषण के दौरान राहुल गांधी और पीठासीन अधिकारी जगदंबिका पाल के बीच भी हल्की नोकझोंक हुई। जगदंबिका पाल ने कहा कि वे सदन में एक पीठासीन अधिकारी के रूप में कार्य कर रहे हैं और नियमों के अनुसार कार्यवाही संचालित करेंगे।



