साय कैबिनेट का बड़ा फैसला, होली से पहले धान बेचने वाले किसानों को मिलेगी अंतर की राशि

Sai Cabinet Decision 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं। मंत्रिपरिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ के षष्ठम् विधानसभा के अष्टम् सत्र माह फरवरी-मार्च, 2026 के लिए राज्यपाल के अभिभाषण का अनुमोदन किया गया। मंत्रिपरिषद की ओर से बजट अनुमान 2026-27 का विधानसभा में उपस्थापन के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।
यह भी पढ़ें:- हम अमेरिका के नौकर नहीं हैं, मोदी सरकार ने भारत माता को बेच दिया: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी
मंत्रिपरिषद ने राज्य में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त भुगतान किए जाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से कृषक उन्नति योजना के तहत धान के मूल्य के अंतर की राशि के रूप में लगभग 10 हजार करोड़ रुपए का भुगतान होली त्यौहार से पहले एकमुश्त किया जाएगा। (Sai Cabinet Decision 2026)

किसानों को मिलेगी अंतर की राशि
बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल के मान से की जा रही है, जो देश में सर्वाधिक है। बीते दो सालों में कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के किसानों को धान के मूल्य के अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का भुगतान किया जा चुका है। इस साल होली से पहले किसानों को 10 हजार करोड़ रुपए का भुगतान होने से यह राशि बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपए हो जाएगी। (Sai Cabinet Decision 2026)




