Google Analytics —— Meta Pixel

जशपुर के सरकारी स्कूल में छात्रों को बांटा गया बाइबिल, व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस जारी

Bibles Distributed in School: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में बाइबिल बांटने का मामला सामने आया है। फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई में पदस्थ एक व्याख्याता पर कक्षा के दौरान छात्र-छात्राओं को बाइबिल की पुस्तकें बांटने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और पूरे घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक 10 फरवरी को स्कूल में व्याख्याता पद पर पदस्थ दीपक तिग्गा निर्धारित समय से देर से स्कूल पहुंचे। आरोप है कि स्कूल पहुंचने के बाद उन्होंने प्राचार्य से मुलाकात या उपस्थिति की औपचारिकता पूरी किए बिना सीधे कक्षा में प्रवेश किया। कक्षा के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं को बाइबिल की छोटी-छोटी पुस्तकें बांटना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि पुस्तकें कक्षा में उपस्थित सभी छात्रों को वितरित की गई, जिनमें अन्य धर्मों के छात्र-छात्राएं भी शामिल थे। इस घटनाक्रम की जानकारी जैसे ही स्कूल प्रबंधन को मिली, वैसे ही तत्काल छात्रों से पूछताछ की गई और उनके बैग की जांच कराई गई। (Bibles Distributed in School)

यह भी पढ़ें:- राहुल गांधी को आजीवन चुनाव न लड़ने का प्रस्ताव पेश, निशिकांत दुबे ने संसद में मोशन रख दिया

स्कूल प्रबंधन की ओर से की गई जांच में कुल 14 नग बाइबिल की पुस्तकें बरामद की गई। इन पुस्तकों के छात्रों के पास पाए जाने के बाद प्राचार्य ने इसे शासकीय विद्यालय के नियमों और आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए त्वरित कार्रवाई की। स्कूल के प्राचार्य आर.एन. नागेश्री ने व्याख्याता दीपक तिग्गा को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि बिना अनुमति कक्षा में किसी भी धार्मिक साहित्य का वितरण करना शासकीय सेवा नियमों के विपरीत है। प्राचार्य ने यह भी कहा है कि स्कूल एक धर्मनिरपेक्ष शैक्षणिक संस्था है, जहां किसी विशेष धर्म का प्रचार-प्रसार या धार्मिक सामग्री का वितरण करना नियमों के अनुरूप नहीं है।

उच्च अधिकारियों को भेजी गई रिपोर्ट

पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दी गई है। साथ ही कलेक्टर को भी मामले से अवगत कराया गया है। जिला शिक्षा विभाग ने संकेत दिया है कि संबंधित शिक्षक के जवाब का परीक्षण करने के बाद नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि जशपुर जिला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गृह जिला है। ऐसे में सरकारी स्कूल के भीतर धार्मिक पुस्तक वितरण की घटना ने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है। फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच जारी है। शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले स्कूल में धार्मिक पुस्तक वितरण की यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है। अब यह देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या रुख अपनाता है और नियमों के तहत क्या कार्रवाई की जाती है।

Back to top button
error: Content is protected !!