सौतेले पिता की दरिंदगी उजागर, 8 माह की गर्भवती हुई नाबालिग बेटी, मेले में भेष बदलकर भीख मांगते गिरफ्तार

Minor Raped by Stepfather: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। घटना का खुलासा तब हुआ, जब छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही पीड़िता की तबीयत अचानक बिगड़ी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में वह 8 माह की गर्भवती पाई गई। जानकारी के मुताबिक पीड़िता दूसरे जिले के एक छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। खेल मैदान में अचानक उसके पेट में तेज दर्द उठा, जिसके बाद हॉस्टल प्रबंधन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा।
यह भी पढ़ें:- जशपुर के सरकारी स्कूल में छात्रों को बांटा गया बाइबिल, व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस जारी
जांच के दौरान डॉक्टर भी हैरान रह गए, जब पता चला कि नाबालिग करीब 8 महीने की गर्भवती है। बाद में अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उसने एक बच्चे को जन्म दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला पुलिस अधिकारियों ने पीड़िता से पूछताछ की, जिसमें नाबालिग ने अपने सौतेले पिता पर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। उसने बताया कि घर पर रहने के दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार गलत कृत्य किया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
FIR के बाद फरार हुआ आरोपी
FIR दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। बिल्हा पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी शिवरीनारायण मेले में भेष बदलकर और पहचान छिपाकर भीख मांग रहा है। बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मेले में दबिश दी। घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। (Minor Raped by Stepfather)
समाज को झकझोरने वाली घटना
एएसपी शहर पंकज पटेल ने बताया कि नाबालिग के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। यह मामला न सिर्फ कानून व्यवस्था बल्कि सामाजिक मूल्यों पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है। जिस पिता को बेटी की सुरक्षा की ढाल माना जाता है, जब वही रिश्ते की मर्यादा तोड़ दे तो यह पूरे समाज के लिए आत्ममंथन का विषय बन जाता है। (Minor Raped by Stepfather)



