Google Analytics —— Meta Pixel

खड़े ट्रक से टकराई कार, एक ड्राइवर समेत CRPF के 3 जवानों की गई जान, एक गंभीर रूप से घायल, डिप्टी CM शर्मा ने जाना हाल

Road Accident in Dhamtari: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरी बायपास पर नेशनल हाईवे-30 में जगदलपुर से रायपुर की ओर आ रही एक कार सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 201 कोबरा बटालियन के चार जवानों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के मुताबिक कार में सवार जवान बस्तर से ड्यूटी पूरी कर रायपुर लौट रहे थे। इस बीच खपरी बायपास के पास हादसे का शिकार हो गए।

यह भी पढ़ें:- धमतरी हादसा: कोबरा जवानों की मौत पर मुख्यमंत्री साय स्तब्ध, परिवारों के साथ खड़ी सरकार

घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने घायल जवान अभियान राय से फोन पर बात की। साथ ही उनका हालचाल जाना। वहीं डॉक्टरों से भी इलाज की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में जवानों के परिवारों के साथ है और हर संभव सहायता दी जाएगी। हादसे को लेकर CM विष्णुदेव साय ने भी दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि धमतरी में हुए अत्यंत दुखद सड़क हादसे में कोबरा बटालियन के हमारे वीर जवानों के असामयिक निधन का समाचार हृदयविदारक है।

CM साय ने कहा कि राष्ट्रसेवा में समर्पित दिवंगत जवानों को मैं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायल जवान को जल्द स्वास्थ्य लाभ दें। इस दुखद घड़ी में हमारी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार जवान अंदर ही फंस गए।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान मुकेश कुमार, सौरभ तोमर, राजकुमार गोड और चालक हीरा लाल नागर के रूप में की गई है। सिविल सर्जन डॉ. अभिषेक टोंडर ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि दो ने अस्पताल लाते समय दम तोड़ दिया। एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वरदान परमार्थ एम्बुलेंस सेवा संस्था के शिवा प्रधान, डुमन साहू और हेमंत प्रधान मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे जवानों को बाहर निकाला। (Road Accident in Dhamtari)

मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक जगदलपुर बटालियन से आ रही कार की ट्रक से तेज रफ्तार में भिड़ंत हुई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है। अर्जुनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और राहत दल की मौजूदगी में यातायात को सुचारू कराया गया। इस हादसे के बाद सुरक्षाबलों और क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से मृतक जवानों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। (Road Accident in Dhamtari)

Back to top button
error: Content is protected !!