Google Analytics —— Meta Pixel

जमानत पर बाहर आते ही खूनी खेल, आरोपी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को उतारा मौत के घाट, खुद भी फांसी लगाकर दे दी जान

Murder Suicide in Balod: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां जेल से जमानत पर छूटे एक विचाराधीन कैदी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर उसी केंद्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना देवरी थाना क्षेत्र के फरदफोड़ गांव की है। मृतिका की पहचान उगेश्वरी देवांगन (54) के रूप में हुई है, जो गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता के पद पर पदस्थ थी। वहीं आरोपी लखन देवांगन (57) भी उसी गांव का निवासी था। दोनों के बीच पिछले 15 सालों से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।

यह भी पढे़ं:- छत्तीसगढ़ में TET अनिवार्यता पर बवाल, शिक्षक संघों ने खोला मोर्चा, पुनर्विचार की उठाई मांग

जानकारी के मुताबिक करीब 15 साल पहले उगेश्वरी देवांगन के पति ने आत्महत्या कर ली थी। उनके दो बच्चे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पति की मौत के बाद उगेश्वरी और लखन के बीच नजदीकियां बढ़ी। लखन भी शादीशुदा था और उसके दो बेटे हैं।
इसी बीच उगेश्वरी का बेटा काम के सिलसिले में बाहर चला गया था। जब वह वापस लौटा तो उसने लखन के घर आने-जाने पर आपत्ति जताई। पारिवारिक तनाव बढ़ने के बाद 13 जनवरी को उगेश्वरी अपने भाई के घर चली गई। जाने से पहले उन्होंने देवरी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि लखन ने शादी का झांसा देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने लखन देवांगन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 3 फरवरी को वह जमानत पर रिहा हुआ। (Murder Suicide in Balod)

बच्चों को बाहर निकालकर वारदात

13 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे लखन गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा, जहां उगेश्वरी काम करती थी। उस समय तीन बच्चे अंदर भोजन कर रहे थे, जबकि अन्य बच्चे बाहर खेल रहे थे। लखन ने सहायिका से बच्चों को बाहर ले जाने को कहा और उसे भी बाहर कर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने चाकू से उगेश्वरी के सिर, गले, सीने और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर हमले के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार और खून देखकर सहायिका ने ग्रामीणों को सूचना दी।ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही लखन ने आंगनबाड़ी केंद्र में लगे पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा गया।

अंदर उगेश्वरी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था, जबकि लखन का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। देवरी थाना प्रभारी राकेश ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 13 जनवरी को पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया। एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि आरोपी ने हत्या के बाद कार्यकर्ता की साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या की है। प्रेम संबंध और अन्य संभावित कारणों को लेकर मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!